करण जौहर ने शाहरुख-मनीष मल्होत्रा को किया अनफॉलो, जाह्नवी-आलिया भी गायब, फैंस शॉक्ड – Karan Johar unfollows Shah Rukh Khan Manish Malhotra on Instagram tmovg


बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अपनी एक्टिविटी को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहते हैं. लेकिन गुरुवार की शाम से करण जौहर का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक एक नए सस्पेंस की वजह से सुर्खियों में आ गया है. करण ने अपने अकाउंट से कई बड़ी फिल्मी हस्तियों और अपने बेहद करीबी दोस्तों को ताबड़तोड़ अनफॉलो करना शुरू कर दिया है.

अब इंस्टाग्राम पर 17.5 मिलियन (1.75 करोड़) फॉलोअर्स वाले करण ने ये क्यों किया हर कोई इस बात से हैरान है और इसके पीछे की असली वजह जानने के लिए बेताब है, जो फिलहाल पूरी तरह से राज बनी हुई है. 

कई दिग्गजों से तोड़ा डिजिटल नाता
करण जौहर ने जिन लोगों को अनफॉलो किया है, उनमें फिल्म इंडस्ट्री के कई ऐसे बड़े नाम शामिल हैं जिन्हें करण का बेहद करीबी दोस्त माना जाता है. इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान का है. हालांकि शाहरुख ने भी करण को फॉलो नहीं किया हुआ है. शाहरुख के अलावा करण ने अनन्या पांडे, कार्तिक आर्यन और अपने सालों पुराने जिगरी यार व मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी अपनी फॉलोइंग लिस्ट से हटा दिया है.

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में एक दिलचस्प बात यह भी है कि वे ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा को अब भी फॉलो कर रहे हैं. अब करण के अकाउंट पर ‘फॉलोइंग’ की संख्या घटकर महज 78 रह गई है.

कई सितारों को किया अनफॉलो
हैरानी की बात सिर्फ इतनी ही नहीं है, बल्कि करण जौहर ने उन सितारों को भी अनफॉलो कर दिया है जिन्हें उन्होंने खुद बॉलीवुड में लॉन्च किया था या जिन्हें वे अपना परिवार मानते हैं. उनकी इस नई लिस्ट में अब करीना कपूर खान और मलाइका अरोड़ा जैसी सहेलियां भी शामिल नहीं हैं. 

यही नहीं, करण के गाइडेंस में अपने करियर की शुरुआत करने वाले स्टूडेंट ऑफ द ईयर के सितारे—वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और उनकी सबसे चहेती आलिया भट्ट को भी उन्होंने अनफॉलो कर दिया है.  इस पूरे मामले पर करण जौहर का अभी तक कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है. 

करण जौहर का ये फैसला इसलिए भी हैरान कर रहा है क्योंकि हाल ही में मेट गाला 2026 में करण जौहर ने मनीष मल्होत्रा के कस्टम डिजाइनर आउटफिट में डेब्यू किया था. इसके अलावा करण ने इसी इवेंट में कहा था कि उनके आज यहां तक पहुंचने और इस मुकाम पर खड़े होने का कारण शाहरुख खान ही हैं.

बॉक्स ऑफिस पर हालिया प्रदर्शन
अगर करण जौहर के प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें, तो उनके प्रोडक्शन बैनर तले बनी हालिया फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई है. लक्ष्य और अनन्या पांडे की इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों ने तो नकारा ही, साथ ही फिल्म क्रिटिक्स से भी इसे मिले-जुले रिएक्शन ही मिले. इस झटके के बाद अब करण जौहर अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘नागजिला’ की तैयारियों में जुटे हुए हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment