कानपुर के परीक्षा केंद्र पर अफरातफरी. (Photo Credit; ETV Bharat)
कानपुर : कर्मचारी चयन आयोग की जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान सोमवार को भारी हंगामा हो गया. महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर पर क्षमता से दोगुना अधिक अभ्यर्थियों को बुला लिया गया. इसके बाद तो परीक्षा केंद्र पर अफरातफरी मच गई. इस बीच दूसरी पाली के अभ्यर्थी भी सेंटर पर जमा हो गए, इससे भ्रम की स्थिति बन गई. अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों ने कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे को जाम करने का प्रयास किया. इधर, माहौल बिगड़ता देख एसएससी ने दोनों पालियों की परीक्षा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है. इस गड़बड़ी के पीछे तकनीकी समस्या बताई जा रही है.
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता (Video Credit; ETV Bharat)
क्यों रद्द करनी पड़ी परीक्षा: पुलिस अफसरों के मुताबिक, इस परीक्षा केंद्र की वास्तविक क्षमता एक पाली में केवल 398 सीटों की थी. सोमवार को परीक्षा दो पालियों में होनी थी, जिसमें पहली पाली दोपहर 2 से 3 बजे तक और दूसरी शाम 4:30 से 5:30 बजे तक थी. सर्वर की गड़बड़ी के कारण पहली पाली में 398 सीटों के सापेक्ष 819 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी हो गए थे. पहली पाली में 350 छात्रों को अंदर बैठाया जा चुका था. बाद में उनकी संख्या बढ़ी तो अव्यवस्था शुरू हो गई. अभ्यर्थी भी हंगामा करने लगे. सेंटर के इंचार्ज ने सभी को शांत कराकर पहले सभी की गिनती कराई तो अंदर बैठे और बाहर एडमिट कॉर्ड लेकर खड़े अभ्यर्थियों की कुल संख्या 819 हो गई. इस पर सेंटर प्रबंधन ने एसएससी के अधिकारियों से बात कर अवगत करवाया तो वहां से निर्देश मिला कि परीक्षा रद्द कर दी जाए.
सूचना जारी होते ही हंगामा: परीक्षा रद्द होने की जानकारी आते ही हंगामा शुरू हो गया. परीक्षार्थियों ने कानपुर प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रोक लिया. इसी बीच दूसरी पाली के भी परीक्षार्थी आ गए। उनकी संख्या भी सेंटर की क्षमता से ज्यादा थी. दोनों पालियों के अभ्यर्थियों के इकट्ठा हो जाने से अफरातफरी मच गई.

एसएससी ने जारी किया पत्र. (Photo Credit; SSC)
सेंटर प्रशासन का पक्ष: इस पूरे मामले पर परीक्षा केंद्र के प्रभारी मोहम्मद मुफीद और सिटी हेड शुभम दीक्षित ने बताया कि यह पूरी अव्यवस्था सर्वर की तकनीकी खराबी के चलते हुई है. एसएससी के ऑनलाइन सिस्टम से 350 सीटों की क्षमता वाले इस केंद्र पर 841 सीटें आवंटित हो गईं. जितने भी एडमिट कार्ड मुख्यालय से जारी हुए, उतने ही अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंच गए. कम क्षमता होने के कारण मौके पर अव्यवस्था फैली. फिलहाल दोनों पालियों की परीक्षा निरस्त कर दी गई है. अब एसएससी के आधिकारिक पोर्टल पर नई तारीखें जारी होने के बाद ही दोबारा परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा.
डीसीपी पूर्वी ने कहा, दोबारा होगी परीक्षा: हंगामे की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पूरे घटनाक्रम और छात्रों की मांगों पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि केंद्र की क्षमता कम होने व तकनीकी कारणों से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने से कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हुई थी. छात्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए दोनों पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. यह परीक्षा अब नए सिरे से आयोजित की जाएगी और इसकी नई समय-सारणी जल्द ही एसएससी की वेबसाइट पर अपलोड होगी. दूरदराज के जिलों से आए छात्रों ने किराया वापसी की मांग की है, जिसके संबंध में एसएससी जीडी के उच्च अधिकारियों से औपचारिक पत्राचार कर रहे हैं ताकि छात्रों को उनका हर्जाना मिल सके. मौके पर अब शांति है.
यह भी पढ़ें: वाराणसी नमो घाट पर पर्यटक मर्डर केस: पांच लाख रुपये का मिलेगा मुआवजा, उच्च स्तरीय जांच के आदेश, अब तक पांच गिरफ्तार