कुलदीप यादव को इंग्लैंड वनडे सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिलने पर कैफ और अश्विन ने सवाल खड़े किए हैं। मोहम्मद कैफ ने तो कुलदीप यादव को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोचने के लिए कह दिया।
भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को लगातार सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला। वह भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा रहे हैं लेकिन उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में भी कुलदीप को एक बार भी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया, जिस पर पूर्व स्पिनर अश्विन और मोहम्मद कैफ भड़क गए हैं। अश्विन ने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं, जबकि कैफ ने कुलदीप को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की सलाह दे दी है। स्पिनर को अफगानिस्तान के खिलाफ एक मैच में मौका मिला था लेकिन इसके बाद फिर उन्हें बेंच पर रखा गया है।
इंटरनेशल क्रिकेट छोड़ने के बारे में सोच रहे होंगे
मोहम्मद कैफ ने ट्वीट करके लिखा, ”कुलदीप यादव को अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने और बैग पैक करने की तैयारी कर लेनी चाहिए। आज टीम में न तो बुमराह थे, न वॉशिंगटन और न ही वरुण, फिर भी कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। लॉर्ड्स में भारत की गेंदबाजी आज एकतरफा और विविधता का अभाव साफ दिख रहा है। एक बाएं हाथ का रिस्ट स्पिनर यहां बहुत उपयोगी साबित हो सकता था। कुलदीप के 118 वनडे में 194 विकेट हैं, लेकिन लगता है कि ये आंकड़े अब चयनकर्ताओं के लिए कोई मायने नहीं रख रहे हैं।”
पूर्व क्रिकेटर अश्विन ने कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने चेताया है कि इससे स्पिनर का आत्मविश्वास टूट जाएगा। कुलदीप को तीन खिलाड़ियों के नहीं खेलने के बावजूद लॉर्ड्स में आखिरी वनडे से भी बाहर कर दिया गया। भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। बुमराह, सुंदर और दुबे नहीं खेल रहे हैं।
आत्मविश्वास को प्रभावित करता है
अश्विन ने कहा, ”कुलदीप को टीम से बाहर रखने का आम बहाना यही होता है कि बल्लेबाजी नंबर 7 पर खत्म हो जाती है। लेकिन सोचिए आज नंबर 8 पर अर्शदीप को देखकर कैसा लग रहा होगा! बुमराह भी नहीं हैं, ऐसे में कुलदीप के लिए बुरा लग रहा है। मेरा यकीन कीजिए ये एक गेंदबाज की लय और आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकता है।”
इंग्लैंड ने बनाए 387 रन
बेन डकेट की 141 रन की शानदार पारी और जैकब बेथेल के साथ पहले विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी के बूते इंग्लैंड ने रविवार को निर्णायक तीसरे मैच में तीन विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तीन मैचों की यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। शतकवीर डकेट ने अनुभवहीन भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की जमकर धुनाई की और मैच पर पूरी तरह इंग्लैंड की पकड़ मजबूत कर दी। भारत को मैच से पहले ही बड़ा झटका लगा, जब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने में लगी चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए। उनकी अनुपस्थिति भारतीय टीम को भारी पड़ी और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया।