क्या विराट कोहली और गौतम गंभीर एक-दूसरे से बात नहीं करते? टीम इंडिया के कोच ने दिया चौंकाने वाला जवाब


विराट कोहली और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के रिश्तों को लेकर पिछले काफी समय से अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही थीं. पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से विराट के संन्यास के बाद दोनों के रिश्तों को लेकर अटकलों का दौर और तेज हो गया. प्रैक्टिस सेशन और ड्रेसिंग रूम में दोनों को बातचीत करते हुए कम देखा गया. हाल ही में ऐसी खबरें भी सामने आईं कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले एजबेस्टन में हुए ट्रेनिंग सेशन के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से बात तक नहीं की. ड्रेसिंग रूम का माहौल भी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रहा है. पहले वनडे से पहले भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को नेट्स में विराट कोहली से बातचीत करते हुए देखा गया था. उस दौरान गौतम गंभीर भी विराट की बल्लेबाजी को करीब से देख रहे थे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा. विराट से बातचीत करने के लिए कोटक ही उनके पास गए थे.

हालांकि दूसरे वनडे के बाद सितांशु कोटक ने इन सभी अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच किसी तरह की कोई समस्या नहीं है. दोनों लगातार एक-दूसरे से बात करते हैं और उनके रिश्तों में सब कुछ सामान्य है. कोटक ने कहा, ‘विराट और गौतम ने आज कम से कम 10 बार एक-दूसरे से बात की होगी. मुझे नहीं लगता कि दोनों के बीच किसी पुल की जरूरत है.’

जब उनसे विराट कोहली के साथ हुई बातचीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘विराट बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले कुछ बातों पर चर्चा कर रहे थे. सच कहूं तो बल्लेबाजी कोच के तौर पर जब तक विराट खुद किसी चीज को महसूस न करें या उन्हें किसी चीज की जरूरत न लगे, तब तक उनकी बल्लेबाजी में ज्यादा दखल नहीं देना चाहिए. हमें भी उनके खेलने के तरीके में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं लगती.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मुख्य तौर पर उनकी फुटवर्क को लेकर कुछ बातें हुई थीं. नेट्स से पहले उन्होंने मुझसे कुछ सवाल किए थे और अभ्यास खत्म होने के बाद भी हम बातचीत कर रहे थे. इसके अलावा जो बातें बाहर चल रही हैं, मुझे नहीं पता ये अफवाहें कहां से आती हैं, लेकिन आती जरूर हैं.’

दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी. जो रूट ने नाबाद 99 रन की शानदार पारी खेलते हुए इंग्लैंड को 234 रन का लक्ष्य 35 गेंद बाकी रहते हासिल करा दिया. इससे पहले भारत की ओर से विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए, लेकिन पूरी टीम 44 ओवर में 233 रन पर सिमट गई.

यह भी पढ़ें- IND VS ENG: ‘जो रूट एक लाजवाब खिलाड़ी, आप चेंजिंग रूम में भी उससे…’ , हैरी ब्रूक तारीफ में क्या कुछ कहा

मैच के बाद कोटक ने यह भी खुलासा किया कि बल्लेबाजी के दौरान विराट कोहली ने ड्रेसिंग रूम और मुख्य कोच गौतम गंभीर को एक अहम संदेश भेजा था. उन्होंने बताया कि विराट ने पिच के व्यवहार को लेकर जानकारी दी थी ताकि बाकी बल्लेबाज उसी के अनुसार अपनी रणनीति बना सकें.

यह भी पढ़ें- कौन लेगा रोहित शर्मा की जगह? टीम इंडिया में ओपनर के लिए इन 4 खिलाड़ियों की दावेदारी मजबूत

कोटक ने कहा, ‘अगर आपने ध्यान दिया हो तो विराट ने बल्लेबाजी के दौरान ही हमें संदेश भेजा था. उन्होंने मुख्य कोच को बताया था कि इस पिच पर शॉर्ट गेंदें उम्मीद के मुताबिक बल्ले तक नहीं आ रही हैं. इसलिए हमें पहले से इसकी जानकारी मिल गई थी.’



Leave a Comment