Last Updated:
पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में डीएसपी पद का नियुक्ति पत्र सौंपा. दोनों खिलाड़ियों ने मंच पर मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस दौरान 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और 637 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के चयन पत्र दिए गए.
19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई
पटना: बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अप्वाइंटमेंट लेटर और सम्मान राशि दी. इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में पुलिस DSP के पद पर नियुक्त किया गया. दोनों खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपा. अप्वाइंटमेंट लेटर लेने के बाद आकाश दीप और मुकेश कुमार ने मुख्यमंत्री के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया.
राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई. सरकार की ओर से खिलाड़ियों को एक-एक कार भी दी गई. इसके अलावा 637 खिलाड़ियों को विभिन्न खेल छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयन पत्र भी सौंपे गए.
बिना परीक्षा के DSP
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में पहली बार खिलाड़ियों को बिना किसी प्रतियोगी परीक्षा के डीएसपी का पद दिया गया है. उन्होंने कहा कि जो भी खिलाड़ी बिहार और देश का नाम रोशन करेगा, सरकार उसके साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 सितंबर के बाद पूरे बिहार में पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज शुरू की जाएगी. गांव-गांव से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चुना जाएगा. सरकार उन्हें प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करेगी.
बिहार में होंगे आईपीएल मैच
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में तीन विश्व कप प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ और तीनों बार भारत ने खिताब जीता. उन्होंने कहा कि एक समय लोग बिहार में क्रिकेट मैच कराने को लेकर चिंता जताते थे, क्योंकि पटना का मोइनुल हक स्टेडियम जर्जर हो चुका था. अब सरकार इस स्टेडियम का पुनर्निर्माण करा रही है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बिहार में आईपीएल के मुकाबले भी आयोजित होंगे.
पीयूष राज बने SI
कार्यक्रम में एथलीट पीयूष राज को बिहार पुलिस में पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति दी गई. इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों समेत कई अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए. इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना की शुरुआत कुछ वर्ष पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी. अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस योजना को और आगे बढ़ा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके.
नकद पुरस्कार
कार्यक्रम में खेल सम्मान योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए गए. एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37 लाख 50 हजार रुपये की सम्मान राशि दी गई.
About the Author

मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…
और पढ़ें