क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म, अब शुरू होगा UP T20 लीग का महासंग्राम, कानपुर से लखनऊ तक मचेगा धमाल


Last Updated:

UP T20 League 2026: यूपी टी-20 लीग पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनकर उभरी है. इस लीग से कई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर तक पहुंचने का मौका मिला है. यही वजह है कि हर साल इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिलता है. इस बार कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे.

कानपुरः उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. प्रदेश की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू हो रहा है. इस बार टूर्नामेंट की खास बात यह होगी कि इसकी शुरुआत लखनऊ के इकाना स्टेडियम से होगी, जबकि फाइनल समेत प्लेऑफ मुकाबलों का रोमांच कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में देखने को मिलेगा. छह सितंबर को ग्रीनपार्क में नया चैंपियन टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी.

यूपी टी-20 लीग पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनकर उभरी है. इस लीग से कई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर तक पहुंचने का मौका मिला है. यही वजह है कि हर साल इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखने को मिलता है. इस बार कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे. इनमें शुरुआती 22 मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे, जबकि प्लेऑफ और नॉकआउट चरण के 12 मुकाबले कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे. लखनऊ में 13 दिनों तक क्रिकेट का रोमांच रहेगा, जबकि कानपुर में 11 दिनों तक दर्शकों को हाई वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे.

कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों और टीमों के लिए कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है. विजेता टीम को एक करोड़ रुपये और उपविजेता टीम को 60 लाख रुपये का इनाम मिलेगा. इसके अलावा अन्य टीमों और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे.

सुरेश रैना बने लीग का ब्रांड एम्बेसडर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को लीग का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है, जिससे टूर्नामेंट का आकर्षण और बढ़ गया है. वहीं चौथे सीजन का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में आयोजित किया जाएगा. जहां छह फ्रेंचाइजी 45 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगी. आयोजकों का कहना है कि इस बार टिकटों की कीमत आम दर्शकों की पहुंच में रखी जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्टेडियम पहुंचकर मैचों का आनंद उठा सकें. इसके साथ ही फैंस के लिए कई प्रतियोगिताएं और मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

हर चौके-छक्के के साथ बढ़ेगी हरियाली
इस बार यूपी टी-20 लीग सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी. “हर बाउंड्री, नई हरियाली” अभियान के तहत टूर्नामेंट में लगने वाले हर चौके और हर छक्के के बदले एक पौधा लगाया जाएगा. लीग में जितनी बाउंड्री लगेंगी उतने पौधे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रोपे जाएंगे. इसके अलावा होर्डिंग और बैनर प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका भी मिलेगा.

हरा-भरा होगा कानपुर
लखनऊ के इकाना स्टेडियम से शुरू होने वाली यह क्रिकेट यात्रा जब कानपुर के ग्रीनपार्क में अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगी तब प्रदेश को सिर्फ एक नया चैंपियन ही नहीं मिलेगा, बल्कि हजारों नए पौधों के रूप में हरियाली की नई सौगात भी मिलेगी.

About the Author

authorimg

Manish Rai

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें



Leave a Comment