क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी, लखनऊ और कानपुर दोनों जगह खेले जाएंगे UP T-20 लीग के मैच


जागरण संवाददाता कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण में उद्घाटन समारोह सहित 22 लीग मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम और फाइनल सहित 12 मैच ग्रीन पार्क में खेले जाएंगे। लीग की मेजबानी को लेकर रविवार दोपहर ग्रीन पार्क में गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

लीग का चौथे संस्करण को ग्रीनपार्क में कराने की घोषणा करीब दो महीने पहले हुई थी, लेकिन इसी बीच खेल विभाग की ओर से पहले सीजन में खेले गए मुकाबलों के शुल्क के रूप में बकाया पांच करोड़ रुपये की धनराशि मांगे जाने के पत्राचार के बाद इसे लखनऊ में कराने की तैयारी शुरू हो गई।

पहला चरण पूरा होने के बाद एक दिन का रेस्ट होगा

हालांकि, क्रिकेट प्रमियों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लीग को दो शहरों में कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नए सिरे से रूपरेखा तैयार की गई है। लीग 14 अगस्त से छह सितंबर तक आयोजित होनी है।

इन दिनों में बारिश होने की संभावना अधिक है। इसलिए ग्रीन पार्क स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने के चलते मैचों को आवंटित करते समय मौसम का विशेष ध्यान दिया गया है और शुरुआती मैच लखनऊ व बाद के मैच कानपुर में खेले जाएंगे।



Leave a Comment