स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया A मेंस क्रिकेट टीम दिसंबर में तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए नेपाल का दौरा करेगी। ये सभी मैच कीर्तिपुर के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। इस सीरीज की पुष्टि एडिनबर्ग में हुई ICC की सालाना कॉन्फ्रेंस के दौरान, BCCI और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद की गई।
9 दिसंबर को पहला टी20
तय शेड्यूल के अनुसार पहला T20 मैच 9 दिसंबर को खेला जाएगा। उसके बाद दूसरा और तीसरा मैच 11 और 13 दिसंबर को होगा। उम्मीद है कि इंडिया A टीम में IPL में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और सीनियर भारतीय T20I टीम में जगह बनाने की कगार पर खड़े खिलाड़ी शामिल होंगे। ऐसे में नेपाल को एक मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का अच्छा मौका मिलेगा। यह सीरीज BCCI और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल के बीच मजबूत होते रिश्तों को दिखाती है।
प्रैक्टिस मैच भी खेले थे
पिछले साल T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर से पहले नेपाल ने बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक ट्रेनिंग कैंप लगाया था। टीम ने 2024 T20 वर्ल्ड कप से पहले गुजरात और बड़ौदा की घरेलू टीमों के साथ प्रैक्टिस मैच भी खेले। बाद में क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के मैचों की तैयारी के लिए नेपाल टीम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लौट आई।