प्रधान पति ने सगे भाई को मारी गोली (Photo-ETV Bharat)
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र का बाजुहेड़ी गांव गोलियों की आवाज से दहल उठा. बताया जा रहा है कि जिस घर में कभी भाईचारे की मिसाल थी, उस घर में पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक भाई ने दूसरे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी. घटना में (50 वर्षीय) राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रधान पति (किशोर सैनी) घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश से रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव निवासी किशोर सैनी और राजेश सैनी में भाईचारे की मिसाल थी. बताया गया है कि दोनों भाइयों के बीच पिछले लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था. लेकिन बीते गुरुवार की देर रात फिर से किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई, देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि गुस्से में आए बड़े भाई किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया, गोली लगते ही राजेश सैनी लहूलुहान होकर नीचे गिर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

गोलीकांड के बाद क्षेत्र में दहशत (Photo-ETV Bharat)
घायल का उपचार जारी है, मामले की हर पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है. आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-कमल मोहन भंडारी,पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी-
वहीं घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. उधर, गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पिरान कलियर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसी के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
पढ़ें: एनकाउंटर के बाद SSP के आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता दिखा गौ तस्कर, लंबे समय से चल रहा था फरार