एक्टर गोविंदा कई साल के बाद फिल्मों में वापसी कर रहे हैं और उन्होंने अपनी दो फिल्में अनाउंस कर दी हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें नजरअंदाज किया है। साथ ही, अपने लकी नंबर को भी बताया।

‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ के मुताबिक, गोविंदा ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘शायद किस्मत में यही लिखा था कि कई बार मुझे नजरअंदाज किया गया। लोग कहते थे कि अब वह फिल्मों में नजर नहीं आएंगे। मैं फिर से शुरुआत करता हूं। और मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि जो मैंने सोचा है और जो लोग सोच भी नहीं सकते, यह फिल्म अपना जादू दिखाए। यह फिल्म खास तौर पर युवाओं के लिए है। जब वे इसे थिएटर में देखेंगे, तो उनका एक सपना सच होगा। और यह मुमकिन है। मैं इसमें किसी आध्यात्मिकता की बात नहीं करूंगा।’
गोविंदा का लकी नंबर 14
उन्होंने आगे बताया कि उनके जीवन में नंबर 14 हमेशा से खास क्यों रहा है। उन्होंने कहा, 14 मेरा लकी नंबर है। मैं अंक ज्योतिष (न्यूमरोलॉजी) में विश्वास करता हूं। मेरा नाम भी अंक ज्योतिष के अनुसार ही रखा गया है। मैंने बहुत कम उम्र में ही इसमें विश्वास करना शुरू कर दिया था। मैं 14 साल का था। मुझ पर भगवान की कृपा हुई। मैंने एक हफ़्ते में 14 फिल्में साइन कीं। फिर मैंने 14 साल तक सुपर-स्टारडम देखा। फिर मैं 14वीं लोकसभा में सांसद बना। मैंने 14 साल तक संघर्ष किया।
और फिर मैं फिल्मों में वापस आया। यह पहली बार है जब मैं 5 साल से अधिक इंतजार नहीं कर सका। मैंने कहा- मैं फिर से शुरुआत करूंगा और अब मुझे उम्मीद है कि यहां से सफर शुरू हो गया है।
गोविंदा, एक्टर
सुनीता के लिए गोली लेकर आए गोविंदा
गोविंदा हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2‘ में नजर आए, जिसमें उनकी पत्नी सुनीता आहूजा भी एक प्रतियोगी थीं। होस्ट फराह खान और सुनीता के साथ बातचीत के दौरान, गोविंदा ने मजाकिया अंदाज में अपनी पत्नी के साथ तनाव का जिक्र किया और उस कुख्यात गोली लगने की घटना को भी याद दिलाया, जब कथित तौर पर उन्होंने गलती से अपने घुटने में गोली मार ली थी। शो के बारे में बात करते हुए गोविंदा ने कहा, ‘ये वो ‘लॉक अप’ है जो दिखाई देता है, जो नहीं दिखाई देते वो कई लॉक-अप हैं, मैं वहां से आ रहा हूं।’
फराह खान और गोविंदा का मजाक
फिर फराह ने मजाकिया अंदाज में पूछा, ‘तूने ऐसी सुपारी क्यों दी थी कि इसे मारो गोली?’ इस पर गोविंदा ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘अरे, मैं जेब में गोली लेकर आया हूं। मैं बोला सीने में मारना चाह रही थी, अब मार ले।’
