चलती वंदे भारत में बेहोश हुआ लोको पायलट, सहायक चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, Uttar-pradesh Hindi News


गोरखपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन के मुख्य लोको पायलट अचानक बेहोश हो गए। सहायक लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को सुरक्षित स्टेशन तक पहुंचाया।

गोरखपुर-पटना (पाटलिपुत्र) वंदे भारत एक्सप्रेस (26502) में रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेन के मुख्य लोको पायलट हेमंत अचानक बेहोश हो गए। सहायक लोको पायलट की सूझबूझ से ट्रेन को सुरक्षित उनौला स्टेशन तक पहुंचाया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

गोरखपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस रोजाना की तरह रविवार सुबह 5:46 बजे गोरखपुर जंक्शन से रवाना हुई थी। कैंट स्टेशन पार करते ही मुख्य लोको पायलट की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। सहायक लोको पायलट ने तत्काल स्थिति संभालते हुए ट्रेन को सुरक्षित उनौला स्टेशन तक पहुंचाया। डॉक्टर ने मुख्य लोको पायलट का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद उनकी तबीयत में कुछ सुधार हुआ। इसके बाद उन्होंने दोबारा ट्रेन की कमान संभाली। हालांकि, ट्रेन के पिपराइच पहुंचते ही उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें ट्रेन से उतारकर इलाज के लिए भेजा गया और नरकटियागंज बेस रवाना कर दिया गया। गोरखपुर से रिलीफ क्रू के रूप में दूसरे लोको पायलट, लोको इंस्ट्रक्टर और गार्ड को पिपराइच भेजा गया। नए चालक के पहुंचने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को पटना के लिए रवाना किया गया।

इस मामले में पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि चालक की तबीयत खराब होने पर सहायक लोको पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को सुरक्षित स्टेशन पर रोका। इसके बाद रिलीफ क्रू की व्यवस्था कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

वंदे भारत में कांग्रेस प्रभारी को दिया मिलावटी दूध

उधर, निजामुद्दीन से चलकर झांसी आ रही वीवीआईपी हाई प्रोफाइल में उच्च क्वॉलिटी के भोजन के दावों की पोल खुल गई। शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम को सफर के दौरान ट्रेन में मिलावटी युक्त दूध दिया। इसका वीडियो बनाकर रेल मंत्री और सोशल मीडिया साइट्स एक्स पर भी शेयर किया है। हलांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बुंदेलखंड में दौरा है। इसको लेकर वह शनिवार को हजरत निजामुद्दीन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से झांसी आ रहे थे। उनके साथ यूपी कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी थे। राजेंद्र पाल ने आरोप लगाया कि उन्हें ट्रेन में दूध परोसा गया। जब उन्होंने दूध को देखा तो उसकी गुणवत्ता बेहद संदिग्ध थी और वह दूध की बजाय किसी मिलावटी तरल पदार्थ जैसा दिखाई दे रहा था। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और रेल मंत्री व आईआरसीटीसी को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में यात्रियों को इस तरह की गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ परोसा जा रहा है तो आम ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।



Leave a Comment