
झारखंड पुलिस में 9362 आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार ने तकनीकी बाधाओं के समाधान के बाद भर्ती का निर्णय लिया है। पहले चरण में 9362 पद भरे जाएंगे, जबकि कुल 11,355 पद रिक्त हैं। यह भर्ती पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।

झारखंड पुलिस में लंबे समय से खाली पड़े आरक्षी (सिपाही) पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने रोस्टर क्लीयरेंस के बाद तकनीकी बाधाओं को दूर करते हुए 9362 आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब गृह विभाग की ओर से संशोधित प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। जानकारी के अनुसार, राज्य में आरक्षी संवर्ग के कुल 11,355 पद रिक्त हैं। इनमें से पहले चरण में 9362 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पूर्व में रोस्टर संबंधी विसंगतियों और श्रेणीवार पदों के निर्धारण में त्रुटियों के कारण अटकी हुई थी।
अब विभागीय स्तर पर इन त्रुटियों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि संशोधित रोस्टर के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके। सूत्रों के मुताबिक, रोस्टर क्लीयरेंस के बाद सभी वर्गों के लिए पदों का नया ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसके बाद गृह विभाग प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति देगा और उसे जेएसएससी को भेजा जाएगा। आयोग प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा तथा अन्य आवश्यक शर्तों का विस्तृत उल्लेख रहेगा। राज्य में पुलिस बल में बड़ी संख्या में रिक्त पद होने के कारण कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान और थानों में नियमित पुलिसिंग पर भी अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। ऐसे में इस भर्ती को पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की खबर से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह है। अभ्यर्थियों को अब जेएसएससी की ओर से आधिकारिक विज्ञापन जारी होने का इंतजार है, जिसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।