Suryakumar Yadav Likely Indian Team Return: सूर्यकुमार यादव एक बार फिर टीम इंडिया में वापस लौट सकते हैं. टीम इंडिया ने हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से और इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में 0-4 से हार का सामना किया. श्रेयस ने सूर्यकुमार को भारत के टी20 कप्तान के रूप में रिप्लेस किया था.
सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. वह एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद भारत को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले तीसरे कप्तान बने थे. इसके बाद अगली ही सीरीज (आयरलैंड के खिलाफ) से सूर्यकुमार को न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया था. अब इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हारने के बाद एक बार फिर सूर्या के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुलते नजर आ रहे हैं.
टीम इंडिया में कैसे होगी सूर्या की वापसी?
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके सूर्या टीम इंडिया में जगह हासिल कर सकते हैं. रिपोर्ट में बीसीसीआई के सोर्स के हवाले से बताया गया कि सूर्यकुमार यादव को पूरी तरह से साइड नहीं किया गया है. घरेलू क्रिकेट में परफॉर्म करके वह दोबारा जगह बना सकते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सूर्या दोबारा टीम इंडिया में जगह बना पाते हैं या नहीं.
सूर्या के लिए खराब बैटिंग बनी थी मुश्किल
भले ही सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, लेकिन बैटिंग में उनका निजी प्रदर्शन काफी खराब देखने को मिला था. उन्होंने 9 मैचों में 242 रन बनाए थे, जिसमें ज्यादातर रन छोटी टीमों के खिलाफ आए थे.
इसके बाद आईपीएल 2026 में भी उनके बल्ले से ज्यादा कुछ रन नहीं निकले थे. सीजन के 13 मैचों की 13 पारियों में बैटिंग करते हुए सूर्या ने 20.76 की औसत से 270 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे.
यह भी पढे़ं: पाकिस्तान की राह पर टीम इंडिया, दोस्ती, पर्ची वाले खिलाड़ियों का हो रहा सेलेक्शन? इस कारण डूबी नैया