ट्रेन में सीट को लेकर बहस, स्टेशन पर हमला… मध्य प्रदेश के बैतूल में युवक की पीट-पीटकर हत्या – madhya pradesh betul train seat dispute youth murder penchveli express ntc drmt


मध्य प्रदेश के बैतूल में ट्रेन में सीट को लेकर यात्रियों के बीच शुरू हुआ विवाद हत्या में बदल गया. बोरदेही रेलवे स्टेशन पर रविवार की देर रात पेंचवेली एक्सप्रेस में खूनी झड़प हुई. हमले में छिंदवाड़ा के रहने वाले 25 साल के युवक अली खान की मौत हो गई.

प्लेटफॉर्म पर शव मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

मृतक अली खान के दोस्त और मामले के चश्मदीद जयंत विश्वकर्मा ने घटना की पूरी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुई मामूली बहस इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी, इसका किसी को अंदाजा भी नहीं था.

बोरदेही स्टेशन पर 10-12 लोगों ने पीट-पीटकर की हत्या

चश्मदीद जयंत विश्वकर्मा ने कहा, ‘हम कुल चार लोग थे. हम सभी पेंचवेली एक्सप्रेस से भोपाल जा रहे थे. परासिया स्टेशन पर ट्रेन में एक अनजान व्यक्ति आया. वहां सीट को लेकर हमारे बीच उससे बहस हो गई. इसके बाद उस व्यक्ति ने बोरदेही स्टेशन पर अपने 10-12 साथियों को पहले से ही बुला लिया.’

उन्होंने आगे बताया कि जैसे ही ट्रेन बोरदेही रुकी, वहां पहले से मौजूद लोगों ने अली खान को जबरन नीचे उतारा और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. चश्मदीद ने कहा, ‘हमला इतना खतरनाक था कि हम लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे.’

चश्दीदों के मुताबिक, परासिया स्टेशन पर हुई कहासुनी के बाद एक बार तो मामला शांत हो गया था. लेकिन दूसरे पक्ष के मन में रंजिश बाकी थी. बोरदेही स्टेशन पर अली खान को घेरकर लात-घूंसों और हथियारों से पीटा गया. गंभीर चोटें आने की वजह से अली खान ने प्लेटफॉर्म पर ही दम तोड़ दिया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए स्टेशन और आसपास के इलाकों में घेराबंदी की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे. 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में सूर्या चौहान जैसा हत्याकांड! नाबालिग को चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट

जीआरपी आमला के थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने कहा, ‘इस पूरे मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. इसके साथ ही घटना के समय स्टेशन पर मौजूद चश्मदीदों और मृतक के दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’

—- समाप्त —-


Leave a Comment