डूरंड कप की तैयारी तेज, खेल सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक


Sports Secretary holds meeting regarding Durand Cup preparations in Ranchi

फूटबॉल स्टेडियम का जायजा लेते खेल सचिव (रांची) (ETV Bharat)

रांचीः राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है. डूरंड कप के 135वें संस्करण के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे.

इस आयोजन को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बिंदुवार आकलन किया गया.

इस बैठक में खेल सचिव मुकेश कुमार ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और खिलाड़ियों, अधिकारियों तथा दर्शकों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने फायर सेफ्टी, स्टेडियम ब्रांडिंग, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण, चिकित्सा सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.

Sports Secretary holds meeting regarding Durand Cup preparations in Ranchi

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम (ETV Bharat)

बैठक में मैचों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक संख्या में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्णय लिया गया. रांची नगर निगम को स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं पुलिस प्रशासन को यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया.

डूरंड कप के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय थल सेना की ओर से 18 जुलाई को रांची में ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान प्रतिष्ठित ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जोड़ने के साथ फुटबॉल के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.

खेल सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी झारखंड, विशेषकर रांची के लिए गौरव का विषय है. हमारा प्रयास है कि आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो और खिलाड़ियों तथा दर्शकों को बेहतरीन सुविधाएं मिलें. सभी विभागों को समयसीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. यह आयोजन राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगा.

इस बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार सहित झारखंड खेल प्राधिकरण, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

राज्य सरकार का मानना है कि डूरंड कप के आयोजन से रांची को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी. साथ ही खेल पर्यटन, स्थानीय कारोबार और होटल उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा. पहली बार इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा रांची अब देशभर के फुटबॉल प्रेमियों की नजरों में रहेगा.

इसे भी पढ़ें- 135वें डूरंड कप के मुकाबलों का शेड्यूल जारी, पांच शहरों में भिड़ेंगी 24 टीमें

इसे भी पढ़ें- डूरंड कप 2026: रांची पहली बार मेजबान, भारतीय वायुसेना और श्रीलंका डिफेंस टीमों के साथ बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच

इसे भी पढ़ें- रांची में पहली बार होगा डूरंड कप, विश्वस्तरीय आयोजन के लिए सज रहा बिरसा स्टेडियम



Leave a Comment