तालाब बना मौत का कुंड! भीषण गर्मी से हजारों मछलियों की मौत, बदबू और बीमारी के डर से सहमे लोग – banda thousands of fish die in pond spread lclcn


उत्तर प्रदेश के बांदा में एक तालाब में हजारों मछलियों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. तालाब किनारे बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां देख स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी. मछलियों के सड़ने से उठ रही तेज बदबू के कारण आसपास के लोगों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है. लोगों ने प्रशासन से तालाब की जल्द सफाई कराने की मांग की है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और तालाब में पानी की कमी के कारण मछलियों की मौत हुई है. लोगों के अनुसार अगर समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं. हजारों मछलियों के मरने से इलाके में दुर्गंध फैल गई है, जिससे लोगों का रहना मुश्किल हो गया है.

यह भी पढ़ें: 48 डिग्री की गर्मी के बाद आफत बनी बारिश, बांदा में पेड़ और दीवार गिरने से एक की मौत

सूचना मिलने पर नगरपालिका बांदा के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद तत्काल तालाब की सफाई कराने के निर्देश दिए गए. नगरपालिका की टीम जाल डालकर तालाब से मरी हुई मछलियों को निकालने में जुट गई है.

स्थानीय लोगों में बीमारी का डर

मामला जिला मुख्यालय स्थित शहर के एक पुराने तालाब का है. बांदा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में रहा है. हालांकि हाल ही में हुई बारिश से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन गर्मी का असर अब भी दिखाई दे रहा है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बढ़े तापमान और तालाब में जलस्तर कम होने के कारण पानी में ऑक्सीजन की मात्रा घट गई. इसी वजह से बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हुई है. लोगों ने बताया कि जब उन्होंने तालाब में मछलियों को पानी में उतराते और मृत अवस्था में देखा तो तुरंत नगरपालिका अधिकारियों को सूचना दी.

बांदा

लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो आसपास के क्षेत्र में संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. बदबू के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नगरपालिका ने शुरू कराई सफाई

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) श्रीचंद चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम को मौके पर भेजा गया. निरीक्षण में पाया गया कि तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मरी हुई हैं.

उन्होंने बताया कि तालाब के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है और उसमें पानी की मात्रा भी कम है. पानी में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण मछलियों की मौत हुई है. स्थिति को देखते हुए जाल डलवाकर तालाब की सफाई कराई जा रही है.

ईओ ने बताया कि सफाई कार्य के साथ-साथ तालाब के आसपास दवाओं का छिड़काव भी कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की बीमारी फैलने की आशंका को रोका जा सके.

—- समाप्त —-


Leave a Comment