तिरंगा रहेगा आधा झुका… पूरे देश में शोक; कतर के पूर्व अमीर के निधन पर भारत सरकार का बड़ा फैसला, National Hindi News


विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि भारत सरकार ने कतर के ‘फादर अमीर’ महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर 13 जुलाई 2026 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर भारत सरकार ने एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में बताया कि शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का रविवार को निधन हो गया। उनके सम्मान में पूरे देश में कल ( 13 जुलाई ) राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर जाकर भारत सरकार की ओर से गहन संवेदना व्यक्त करेंगे।

बता दें कि शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का आज ( 12 जुलाई ) निधन हो गया। उनके सम्मान में पूरे देश में 13 जुलाई को राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा। शोक दिवस पर देशभर में उन सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से ध्वज फहराया जाता है। साथ ही इस दिन किसी भी प्रकार के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। संसदीय कार्य तथा अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर का दौरा करने वाले हैं। इस दौरान वे भारत सरकार की ओर से कतर की सरकार और जनता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करेंगे।

पीएम ने जताया शोक

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शेख हमद को एक दूरदर्शी राजनेता बताया जिन्होंने कतर को एक समृद्ध और आधुनिक राष्ट्र में बदलने के साथ-साथ भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों भी मजबूत किया था। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किए गए एक शोक संदेश में शेख हमद को श्रद्धांजलि दी और कतर के नेतृत्व, शाही परिवार और वहां की जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

मोदी ने लिखा कि हम कतर के शेख हमद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। वह एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि के नए शिखरों पर पहुंचाया। हम उन्हें एक सच्चे मित्र के रूप में भी याद करते हैं, जिनसे मुझे फरवरी 2024 में अपनी पिछली कतर यात्रा के दौरान मिलने का सम्मान मिला था। प्रधानमंत्री ने कतर के वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

2024 में हुई थी मुलाकात

मोदी ने फरवरी 2024 में कतर की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान शेख हमद से मुलाकात की थी, जो भारत-कतर संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई थी। उस यात्रा के परिणामस्वरूप व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और आपसी तालमेल सहित द्विपक्षीय सहयोग को एक नई गति मिली थी। भारत और कतर के बीच लंबे समय से गहरे संबंध हैं, जिसमें कतर भारत के प्रमुख ऊर्जा भागीदारों में से एक है। इसके साथ ही कतर में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं जो वहां के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने साल 1995 से 2013 तक कतर के अमीर के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं, जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सत्ता सौंप दी थी। उन्हें कतर को एक वैश्विक आर्थिक और राजनयिक शक्ति में बदलने का व्यापक श्रेय दिया जाता है। उनके शासनकाल के दौरान, कतर ने अपने विशाल प्राकृतिक गैस संसाधनों के दम पर तेजी से आर्थिक प्रगति की, अपने अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को बढ़ाया और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मामलों में एक प्रमुख देश के रूप में उभरा।



Leave a Comment