‘तुम कितने असद मारोगे…’ गाजियाबाद एनकाउंटर पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाला अमन गिरफ्तार, कान पकड़कर मांगी माफी – Meerut aman posting provocative video with knife on Asad encounter Surya Chauhan murder case lclam


गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड में मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर हो चुका है. इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है. बाजार हफ्ते भर से बंद हैं. पुलिस फोर्स सतर्क है. इस बीच मेरठ में एक मुस्लिम युवक अमन ने ऐसी हरकत कर दी कि पुलिस को तत्काल एक्शन लेना पड़ा. आइये जानते हैं पूरा मामला…

आपको बता दें कि मेरठ की ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में देर रात हरिनगर अंगूर वाली मस्जिद निवासी अमन को कच्चा दगड़ा भूमिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया. गाजियाबाद के सूर्याचौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर के बाद अमन ने धार्मिक भावनाएं भड़काने और आपत्तिजनक टैगलाइन वाला 14 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया था. पुलिस ने  त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात में इस्तेमाल छुरी के साथ दबोच लिया, जिसके बाद वह पुलिस की गिरफ्त में आते ही कान पकड़कर माफी मांगने लगा.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 14 सेकंड का वीडियो

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक 14 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो की शुरुआत में सूर्य चौहान और असद की तस्वीरें दिखाई गईं, जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तस्वीर  नजर आती है. वीडियो के अंतिम हिस्से में आरोपी युवक खून से सने कुर्ता-पायजामे में हाथों में छुरी लहराते और उसे चलाने का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है. इस वीडियो पर ‘कितने असद को मारोगे हमारे हथियार भी हैं तैयार’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी भी लिखी गई थी.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी ने मांगी माफी

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर जांच शुरू की. पड़ताल में वीडियो पोस्ट करने वाले की पहचान अमन पुत्र अशरफ के रूप में हुई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और देर रात उसे दबोच लिया. 

एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, वीडियो की टैगलाइन और ऑडियो में भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की संभावना थी. फिलहाल आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment