दक्षिण पूर्वी दिल्ली के बदरपुर में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल किशोर की एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

- पुलिस के मुताबिक यह वारदात रविवार रात बदरपुर थाना इलाके में हुई है।
- पुलिस को मोलड़बंद 40 फुट रोड पर चाकूबाजी की सूचना मिली।
- पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी 17 वर्षीय किशोर का एक युवती से प्रेम संबंध था।
- आरोप है कि युवती के भाई ने उसे बातचीत के बहाने मौके पर बुलाया।
- किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों से उसकी कहासुनी हो गई।
- विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल किशोर को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। उसकी हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना पर क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम संबंध को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
