दिल्‍ली-NCR में बारिश का तांडव, मर्सिडीज-BMW बनीं ठेलागाड़ी, दुर्दशा वाली 10 तस्‍वीरें – imd delhi ncr noida ghaziabad gurugram heavy monsoon rain


होमफोटोDelhi

दिल्‍ली-NCR में बारिश का तांडव, हर तरफ पानी ही पानी, दुर्दशा वाली 10 तस्‍वीरें

Last Updated:

Delhi-NCR Rain Photos: देश की राजधानी दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतर चुका है. ऑफिस और स्‍कूल-कॉलेज जानेवाले हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है. दिल्‍ली-मेरठ एक्‍सप्रेसवे के साथ ही नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे अन्‍य शहरों में लोगों को घंटों तक जाम में फंसा रहना पड़ा. दिल्‍ली के साथ ही आसपास के शहरों की ट्रैफिक पुलिस की ओर से इसको लेकर एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि आमजनों को परेशानियों का सामना न करना पड़े.

Delhi NCR Rain

Delhi-NCR Rain Photos: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने गुरुवार सुबह राजधानी और आसपास के शहरों की रफ्तार थाम दी. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जबकि प्रमुख मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. लगातार दूसरे दिन दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में विशाल पेड़ों के गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी. राहत की बात यह रही कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा. गुरुग्राम में बारिश से हालात इतने खराब हो गए हैं कि वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी करनी पड़ गई.

Delhi NCR Rain

दिल्ली के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड शामिल रही, जहां भारी जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई. सड़क पर कई स्थानों पर पानी इतना भर गया कि वाहन आधे तक डूबे दिखाई दिए. जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलने से हजारों लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा. वहीं बुराड़ी इलाके की सड़कों पर भी पानी भर जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Delhi NCR Rain

पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (एनएच-24) पर गाजीपुर के पास जलभराव ने स्थिति और गंभीर बना दी. अक्षरधाम मंदिर के आसपास से लेकर गाजीपुर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी. पुलिस के अनुसार, एनएचएआई और संबंधित एजेंसियां जल निकासी का काम कर रही हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

Delhi NCR Rain

बारिश का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा. नोएडा के सेक्टर-75 में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि लोगों के लिए घरों से निकलना मुश्किल हो गया. कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी. वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम और अभय खंड क्षेत्रों में सड़कें घुटनों तक पानी में डूब गईं. कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पानी के बीच पैदल चलना पड़ा.

Delhi NCR Rain

दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर लगातार दूसरे दिन दो विशाल पेड़ गिरने की घटना सामने आई. दोनों पेड़ करीब 600 मीटर की दूरी पर गिरे. एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास और दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के निकट गिरा. एक कार पेड़ के नीचे दब गई, लेकिन सौभाग्य से कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ. अस्पताल के आसपास सामान्य दिनों में काफी भीड़ रहती है, ऐसे में बड़ा हादसा टल गया. इससे एक दिन पहले भी इसी मार्ग पर पेड़ गिरने से दो लग्जरी कारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं. घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया.

Delhi NCR Rain

लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बाद स्थानीय लोगों में नगर निकायों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली. एमबी रोड पर फंसे स्कूटर चालक अमन ने कहा कि यदि संबंधित एजेंसियों ने समय पर नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की होती तो सड़कें इस तरह जलमग्न नहीं होतीं. उन्होंने कहा कि पानी में छिपे गड्ढों के कारण दुर्घटना का डर बना रहता है और हर समय गिरने की आशंका रहती है. जलभराव के बीच पैदल चल रहे सुनील सिंह ने कहा कि लगातार बारिश ने सामान्य आवागमन भी मुश्किल बना दिया है. उनके अनुसार, कई इलाकों में पानी की निकासी का कोई प्रभावी इंतजाम नहीं है, जिसके कारण हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है.

Delhi NCR Rain

हालांकि लगातार बारिश से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है तथा तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके साथ ही बारिश ने शहरी बुनियादी ढांचे की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया है. जलभराव, पेड़ गिरने की घटनाएं और घंटों तक लगा ट्रैफिक जाम यह संकेत दे रहे हैं कि मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन और ड्रेनेज व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है.

Delhi NCR Rain

फिलहाल दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में प्रशासन, नगर निकाय, ट्रैफिक पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत एवं यातायात सामान्य करने के प्रयासों में जुटी हैं. हालांकि मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने के कारण लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

Delhi NCR Rain

गाजियाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते वसुंधरा स्थित अटल चौक के पास सड़क धंस गई, जिससे एक कार और एक स्कूटर गहरे गड्ढे में जा गिरे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Delhi NCR Rain

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गाजीपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (NH-24) पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है. स्थिति सामान्य करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें जल निकासी का काम कर रही हैं. पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. वाहन चालक सेक्टर-62 से वसुंधरा, बुद्ध चौक और मोहन नगर होते हुए सीमापुरी के रास्ते दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है.



Leave a Comment