सहारनपुर, संवाददाता। एमएसयू के चतुर्थ दीक्षांत समारोह से पूर्व आयोजित ‘दीक्षोत्सव’ के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए परंपरागत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सरस्वती इंटर कॉलेज, पुवांरका के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विमला वाई. ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल का संदेश सुनाते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कुलपति ने बताया कि प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय उग्राहु, पुवारका, हलालपुर और गंदेवडा के विद्यार्थियों ने बोरी कूद, शटल रन, कंचे, स्टापू और स्टैंडिंग खो-खो जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न वर्गों में इमरान, अजीम, रीफा, सिदरा, प्रियांशु और वंशिका सहित कई विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टैंडिंग खो-खो में उग्राहु की बालक एवं बालिका टीम विजेता रही। कार्यक्रम में दीक्षोत्सव समन्वयक प्रो. सीमा रानी, शैक्षणिक समन्वयक प्रो. विनोद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं निर्णायक मंडल उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन विश्वविद्यालय के खेल सचिव प्रो. संदीप गुप्ता ने किया।