‘दुग्ध उत्पादन में पहले और मोबाइल में दूसरे स्थान पर भारत’, पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां


पीटीआई, ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक बन गया है। साथ ही मोबाइल उत्पादन और टेलीकाम मार्केट में दूसरा तथा ऑटोमोबाइल सेक्टर में तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है।

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत के विकास की गति ‘अभूतपूर्व’ है। ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत दुनिया को विकास के नए माडल दे रहा है।

‘किआ ओरा मोदी’ नामक इस कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी शामिल हुए। कार्यक्रम में 10 हजार से ज्यादा लोग उपस्थित थे।

‘मोदी-मोदी’ के नारों और दर्शकों के उत्साह के बीच पीएम ने कहा कि आज भारत में यूपीआइ के जरिये हर महीने अरबों डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं। भारत ड्रोन प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में नई ऊंचाइयां छू रहा है। भारत और न्यूजीलैंड का भविष्य आपस में जुड़ा हुआ है।

द्विपक्षीय व्यापार समझौते से दोनों देशों में कारोबार के नए मौके बनेंगे। पीएम मोदी ने अपने कीवी समकक्ष लक्सन, सरकारी अधिकारियों और लेबर पार्टी के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी आपसी संबंधों के लिए मजबूत समर्थन को दर्शाती है।

स्थानीय लोगों ने न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय को अपनाया है। उन्होंने एयर न्यूजीलैंड के सीईओ निखिल रवि शंकर, गवर्नर-जनरल आनंद सत्यानंद और क्रिकेटर रचिन रवींद्र जैसी कुछ कामयाब हस्तियों का भी जिक्र किया।

पीएम ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और न्यूजीलैंड के बढ़ते सहयोग की तारीफ की। कहा कि न्यूजीलैंड की स्पेस कंपनी ने कई मौकों पर भारत के साथ सहयोग किया है। जब भारत का चंद्रयान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा, तो पूरा न्यूजीलैंड खुशियां मना रहा था। न्यूजीलैंड की प्रौद्योगिकी ने भी इस सफलता में योगदान दिया।

खबरें और भी

इस अवसर पर लक्सन ने पीएम मोदी को उनके ऐतिहासिक दौरे के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसा लगता है जैसे एक परिवार का पुनर्मिलन हो रहा है, जिसके लिए 40 वर्षों से इंतजार किया जा रहा था।

उल्लेखनीय है कि मोदी 40 वर्षों में न्यूजीलैंड की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। लक्सन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के आर्थिक बदलाव की तारीफ की और कहा कि 21वीं सदी को भारत ही आकार देगा। उन्होंने मोदी को मौजूदा दौर के सबसे अहम नेताओं में से एक करार दिया

मफलर, टोपी का जिक्र कर पिछली यात्रा की यादें साझा कीं

आईएएनएस के अनुसार, पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड की अपनी पहली यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि करीब 25-30 साल पहले जब मैं किसी सरकार का हिस्सा नहीं था और सार्वजनिक जीवन में मुझे ज्यादा लोग नहीं जानते थे, तब मुझे न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था। उस समय किसी ने मुझे तीन चीजें दी थीं-एक मफलर, एक टोपी और एक दस्ताना।

आज इस कार्यक्रम में मैं उनमें से एक चीज साथ लाया हूं। यह मफलर, जिसे मैंने इतने वर्षों तक अपने पास संभालकर रखा और कई बार इस्तेमाल किया। मैं इसे खास तौर पर साथ लाया, क्योंकि मुझे पता चला कि यहां काफी ठंड है।

‘जोड़े साहिब’ के दर्शन के लिए पटना साहिब जरूर जाएं

एएनआई के अनुसार, पीएम मोदी ने सिख इतिहास की एक ऐसी भावुक और कम जानी-पहचानी घटना का जिक्र किया, जो उनके कैबिनेट सहयोगी हरदीप सिंह पुरी से जुड़ी है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि कैसे केंद्रीय मंत्री के परिवार ने तीन सदियों से भी ज्यादा समय तक श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनकी आध्यात्मिक जीवन-संगिनी माता साहिब कौर जी के ‘जोड़े साहिब’ (पवित्र जूते) को गुप्त रूप से सुरक्षित रखा।

हरदीप सिंह पुरी के पूर्वज श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के समर्पित सेवक थे। हरदीप जी ने मुझे बताया कि उनके परिवार ने 300 वर्षों से ‘जोड़े साहिब’ को सहेजकर रखा है।

बंटवारे के दौरान पुरी साहिब के पूर्वज इन्हें सुरक्षित दिल्ली ले आए थे। यह पवित्र निशानी अब ‘तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब’ में अपने स्थायी स्थान पर पहुंच गई है, जो दसवें गुरु का जन्मस्थान है। पीएम ने भारतीय समुदाय से अपील की कि जब भी आप भारत जाएं, तो पटना साहिब जाकर इनके प्रति सम्मान जरूर प्रकट करें।



Leave a Comment