दुबई में दर्दनाक सड़क हादसा: मिनीबस और ट्रक की टक्कर में कई भारतीय मजदूरों की मौत, 9 घायल – Dubai Road Mishap Claims Lives of Seven Indian Labourers and many injured ntc dpmx


दुबई की एमिरेट्स रोड पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कई भारतीय मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. दुबई पुलिस के अनुसार, मजदूरों को लेकर जा रही एक मिनीबस सड़क के बीचों-बीच खराब होकर खड़े एक ट्रक से टकरा गई. इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क के बीच में रुक गया था. पीछे से आ रही मिनीबस समय रहते ट्रक को नहीं देख सकी और उससे जा टकराई. दुबई पुलिस के ट्रैफिक डिपार्टमेंट के डायरेक्टर ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती और सुरक्षित दूरी बनाए रखने में विफल रहा, जिसके चलते मिनीबस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई.

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया शोक

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है. वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा, ‘दुबई में हुए इस दुखद सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की मौत की खबर से हम बेहद दुखी हैं.’

दूतावास ने बताया कि उसके अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल ले चुके हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं. बयान में कहा गया, ‘इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं.’ फिलहाल अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी है कि हादसे के समय मिनीबस में कुल कितने मजदूर सवार थे.

—- समाप्त —-


Leave a Comment