नई OTT रिलीज: ‘रक्तांचल 3’ का खूनी खेल या भूतों की दुनिया का मजेदार के-ड्रामा, देख‍िए 11 फिल्‍में और वेब सीरीज – new ott releases this week july 13-july 19 watch 11 new movies and series including raktanchal season 3 on prime video netflix jiohotstar


ओटीटी पर 13 जुलाई से 19 जुलाई के बीच नई रिलीज की लिस्‍ट जरा लंबी है। इस हफ्ते एक तरफ जहां ‘रक्‍तांचल सीजन 3’ में गैंग वॉर और सत्ता का संघर्ष दिखने वाला है, वहीं अक्षरा हासन की साइंस-फिक्‍शन रोमांटिक फिल्‍म, के-ड्रामा का मजेदार भूतों वाला थ्र‍िलर और हॉरर फिल्‍म ‘रेडी ऑर नॉट 2’ भी रिलीज होने वाली है।

Latest OTT Release 13 July to 19 July 2026
नई OTT रिलीज: ‘रक्तांचल 3’ का खूनी खेल या भूतों की दुनिया का मजेदार के-ड्रामा, देख‍िए 11 फिल्‍में और वेब सीरीज
OTT पर नया क्‍या देखें? यदि आप भी इसी सवाल का जवाब तलाश रहे हैं, तो बिल्‍कुल सही जगह पर आए हैं। वैसे 13 जुलाई से 19 जुलाई के इस हफ्ते में, सिनेमाघरों की तरह ही हिंदी के दर्शकों के लिए ओटीटी पर थोड़ी निराशा हो सकती है। इस शुक्रवार सिनेमाघरों में कोई बड़ी हिंदी फिल्‍म रिलीज नहीं हो रही हैं। हालांकि, OTT पर यह कसर ‘रक्‍तांजल सीजन 3’ जरूरी पूरी करेगी। जहां पूर्वांचल का खूंखार गैंग वॉर अब अपने चरम पर है। विजय सिंह लौट आया है और उसका सामना अपने सबसे बड़े दुश्‍मन वसीम खान से होने वाला है। नई रिलीज की लिस्‍ट यहां खत्‍म नहीं हो रही है, क्‍योंकि कुल 11 नई फिल्‍मों और सीरीज से आपका वीकेंड शानदार होने वाला है।

इस हफ्ते ओटीटी पर एक्शन-कॉमेडी ‘राइड ऑर डाई’ में ऑक्टेविया स्पेंसर और हन्ना वैडिंगहैम यूरोप भर में एक रोमांचक कहानी लेकर आ रहे हैं, जबकि ‘द हॉक’ में विल फेरेल एक ऐसे दिग्‍गज गोल्फ ख‍िलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने करियर के आखिरी दौर में वापसी के लिए संघर्ष कर रहा है। यदि आपको रोमांच पसंद है, तो इरॉटिक थ्र‍िलर ‘ड‍िजायर’, हॉरर ‘रेडी ऑर नॉट 2’ और जर्मन फिल्‍म ‘23,000 लाइव्‍स’ आपका मजा बढ़ाने वाले हैं।

OTT पर नई रिलीज की लिस्‍ट (13 जुलाई – 19 जुलाई 2026):

रक्तांचल सीजन 3 (16 जुलाई 2006)

कहां देखें- Amazon MX Player

Raktanchal Season 3 में इस बार खूंखार गैंग वॉर पूर्वांचल से आगे बढ़कर, 2000 के दशक की शुरुआत में लखनऊ के राजनीतिक गलियारों में पहुंच चुका है। यहां अपराधी साम्राज्य और राज्य की सत्ता आपस में टकराने वाले हैं। विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, और विजय सिंह (क्रांति प्रकाश झा) लौट आया है। माफिया सिस्टम को अंदर से खत्म करने के मकसद से विजय सिंह चुनाव लड़कर अपना रास्ता साफ करने की कोशिश करेगा, जबकि उसका सबसे बड़ा दुश्मन वसीम खान (निकितिन धीर) सामने खड़ा है। वह विजय को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए खतरनाक नए राजनीतिक गठबंधन बनाता है, जिससे उत्तर प्रदेश पर पूरी तरह कब्जा करने के लिए धोखे की खुली लड़ाई और खूनी दौर शुरू हो जाता है। ‘रक्‍तांचल सीजन 3’ गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को Amazon MX Player पर रिलीज होने वाला है।

सिम्युलाक्रा (17 जुलाई 2026)

कहां देखें- Waves OTT

Simulacra एक हिंदी साइंस फिक्‍शन फिल्‍म है, जिसे पंकज सावंत ने डायरेक्‍ट किया है। अक्षरा हासन और सत्‍यजीत दुबे लीड रोल में हैं। यह कहानी एक ऐसे भविष्य पर आधारित है, जहां इंसानी जिंदगी न्यूरल ब्रेन चिप्स (दिमाग में लगे चिप्स) से संचालित होती है। टेक कंपनियां लोगों को अपनी यादों को बदलने, फिर से लिखने या पूरी तरह से मिटाने का विकल्‍प देती है। नयन (सत्यजीत दुबे) और निवी (अक्षरा हासन) की राहें अचानक टकराती हैं। ये ट्रांसह्यूमनिज्म वाले समाज में एक-दूसरे से मिलते हैं। नयन जब निवी से मिलता है तो उसे बताता है कि उन दोनों का रिश्‍ता रहा है। वह अतीत में दोनों के साथ होने का दावा करता है और अपनी न्यूरल मेमोरी वॉल्ट में रखी तस्वीरों को सबूत के तौर पर दिखाता है। जबकि निवी का अपना मेमोरी वॉल्ट पूरी तरह से खाली है। जैसे ही नयन पुरानी यादों को ताजा करने के लिए अपने अतीत को फिर से जीने की कोशिश करता है, दोनों के बीच भावनाएं पनपने लगती हैं। लेकिन क्‍या प्‍यार के नाम पर यह सिमुलेशन एक धोखा है? यह फिल्म 17 जुलाई को Waves OTT पर रिलीज होगी।

गोल्डन कामुय -द अबाशिरी प्रिजन रेड- (13 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

जापान में रिकॉर्ड-तोड़ कमाई करने के बाद लाइव-एक्शन गोल्डन कामुय फ्रैंचाइजी का तीसरा और धमाकेदार चैप्टर Golden Kamuy -The Abashiri Prison Raid अब ओटीटी पर आ गया है। यह सोमवार 13 जुलाई को Netflix पर रिलीज हो चुका है। कहानी में ऐनू सोने आखिरकार होक्काइडो की सबसे सुरक्षित जेल, अबाशिरी जेल पहुंचता है, जहां नोपेरा-बो बंद है। यह वही आदमी है, जिसके पास छिपे हुए खजाने की चाबी है। साइची सुगीमोटो (केंटो यामाज़ाकी) और ऐनू असिरपा (अन्ना यामाडा) बेरहम 7वीं डिवीजन और पुराने समुराई दौर के लोगों से लड़ते हैं। यह फिल्‍म सटोरू नोडा के अवॉर्ड-विनिंग ‘मंगा’ पर आधारित है।

राइड ऑर डाई (15 जुलाई 2006)

कहां देखें- Amazon Prime Video

Ride or Die एक कॉमेडी सीरीज है। यह बीस साल से पक्की दोस्त, डेबी क्लेबोर्न (ऑक्टेविया स्पेंसर) और जूडिथ बर्टन (हन्ना वाडिंगहम) की कहानी है। उन्‍हें लगता था कि वे एक-दूसरे के बारे में सब कुछ जानती हैं। लेकिन ऐसा नहीं था। जूडिथ की इंटरनेशनल मर्डरर वाली सीक्रेट जिंदगी का एक मिशन बिगड़ जाता है और उसके अतीत का एक खतरनाक इंसान फिर से सामने आता है। अब दोनों महिलाओं को यूरोप में एक तेज-तर्रार रोड ट्रिप पर निकलना पड़ता है। उनके पीछे पुलिस है, प्रोफेशनल हत्यारे हैं और बहुत अमीर अपराधी हैं। मामला तब और उलझ जाता है, जब डेबी का पति अनजाने में उस संगठन के पैसे चुरा लेता है जो उनका पीछा कर रहा है। 8 एपिसोड की इस सीरीज में बिल नाइघी, एड स्क्रिन, सिल्विया होक्स, कैलम लिंच, सवाना स्टेन और जैकी इडो भी हैं। ‘राइड ऑर डाई’ बुधवार 15 जुलाई को Amazon Prime Video पर रिलीज होगी।

रेडी ऑर नॉट 2: हियर आई कम (16 जुलाई 2006)

कहां देखें- JioHotstar

Ready or Not 2: Here I Come एक हॉरर-कॉमेडी फिल्‍म है। कहानी डोमास परिवार के नरसंहार से बचने के कुछ ही पलों बाद शुरू होती है, जहां ग्रेस (समारा वीविंग) को पता चलता है कि वह बुरे सपने से बची नहीं है, बल्कि अगले लेवल पर पहुंच गई है। इस बार, उसकी बिछड़ी हुई बहन फेथ (कैथरीन न्यूटन) उसके साथ है और मामला अब सिर्फ एक कातिल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि चार दुश्मन परिवारों के बीच दुनिया को कंट्रोल करने वाली एक सीक्रेट काउंसिल की ‘हाई सीट’ पाने की होड़ है। फिल्‍म की कास्ट में सारा मिशेल गेलर, एलिजा वुड, केविन डुरंड, डेविड क्रोनबर्ग और नेस्टर कार्बोनेल शामिल हैं। आप ‘रेडी ऑर नॉट 2’ गुरुवार 16 जुलाई से JioHotstar पर देख सकते हैं।

द हॉक (16 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

The Hawk, विल फेरेल की पहली कॉमेडी सीरीज है। लॉनी ‘द हॉक’ हॉकिन्स 2004 में दुनिया के नंबर वन गोल्फर थे। दो दशक बाद, उनका शरीर साथ नहीं दे रहा है, उनकी एक्स-वाइफ स्टेसी (मॉली शैनन) को लगता है कि उन्हें गलतफहमी है। जबकि उनका अपना बेटा लांस (जिमी टैट्रो) गोल्फ का नया सुपरस्टार बन गया है। इन सबके बावजूद, लॉनी को पूरा यकीन है कि वे ग्रैंड स्लैम पूरा करने और इतिहास में अपनी जगह पक्की करने से बस एक ‘मेजर’ टूर्नामेंट दूर हैं। यह मजेदार सीरीज 16 जुलाई को Netflix पर रिलीज होगी।

23000 लाइव्‍स (17 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

23,000 Lives एक जर्मन ड्रामा फिल्‍म है। कहानी साल 2016 में बिना किसी समुद्री अनुभव वाले जर्मन छात्रों के एक ग्रुप की है, जो क्राउडफंडिंग कैंपेन शुरू करते हैं। मछली पकड़ने वाली एक पुरानी नाव खरीदते हैं और यूरोप जाने के रास्ते में डूब रहे शरणार्थियों को बचाने के लिए समंदर की यात्रा करते हैं। उन्होंने 23,000 लोगों की जान बचाई। यह जर्मन ड्रामा इस कहानी को लुकास (लुईस हॉफमैन, ‘डार्क’) की नजर से दिखाती है, जो इस पहल को शुरू करने वाले युवा आदर्शवादियों में से एक थे। हालांकि, जो प्रोजेक्ट पक्के इरादों के साथ शुरू हुआ था, वह जल्द ही कानून, नैतिकता और सही-गलत के फेर में फंस जाता है। खासकर तब जब हर फैसले का असल नतीजा सामने आता है। फिल्‍म में मारिया ड्रैगस, माला एमडे, कैथरीना स्टार्क और फ्रेडरिक लाउ भी हैं। आप ‘23,000 लाइव्‍स’ शुक्रवार 17 जुलाई से Netflix पर स्‍ट्रीम कर सकते हैं।

ड‍िजायर (17 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

Desire एक मैक्‍स‍िकन इरॉटिक थ्र‍िलर फिल्‍म है। कहानी में लुसेरो (लुडविका पालेटा) हैं, जो एक सफल शादीशुदा वकील है। उसकी जिंदगी बाहर से देखने पर बिल्कुल वैसी ही लगती है जैसी होनी चाहिए। लेकिन फिर उसका अफेयर अपनी टीनएज बेटी के स्विमिंग कोच मटियास (ऑस्कर कैसास) के साथ शुरू हो जाता है। कहानी में ट्व‍िस्‍ट तब आता है, जब लुसेरो की बेटी भी अपने कोच की ओर आकर्षित होने लगती है। मारिया याजपिक ने फिल्‍म में लुसेरो के पति फर्नांडो का किरदार निभाया है। साथ में लियोनार्डो ऑर्टिजग्रिस, मटियास कोरोनाडो, पिली पास्कुअल और जियोवानी फ्लोरिडो भी हैं। यह फिल्‍म 17 जुलाई 2026 को Netflix पर रिलीज होगी।

हार्टस्‍टॉपर फॉरएवर (17 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

Heartstopper Forever फिल्‍म की कहानी ट्रुहम ग्रामर स्कूल के गलियारों में शुरू होती है। यह निक नेल्सन और चार्ली स्प्रिंग के एक-दूसरे के प्यार में पड़ने के चार साल बाद की दास्‍तान है। फिल्‍म निक (किट कॉनर) के यूनिवर्सिटी जाने की तैयारी और चार्ली (जो लॉक) के स्कूल में नई आजादी पाने के साथ शुरू होती है। हालात दोनों के लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप पर असर डालने लगते हैं, वो भी इस तरह जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। क्रिएटर ऐलिस ओसमैन की लिखी गई यह फिल्म उनकी ही ग्राफिक नॉवेल सीरीज के छठे और आखिरी वॉल्यूम पर आधारित है। आप ‘हार्टस्‍टॉपर फॉरएवर’ 17 जुलाई से Netflix पर स्‍ट्रीम कर सकते हैं।

द ईस्ट पैलेस (17 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

The East Palace ‘नेटफ्लिक्स कोरिया’ की वो सीरीज है, जिसका इस साल सबको बेसब्री से इंतजार था। इसमें मिलिट्री सर्विस के बाद नाम जू-ह्युक की की वापसी हो रही है। कहानी में एक काल्पनिक जोसओन-युग का राज्य है, जो एक भयानक श्राप से ग्रस्त है। आठ-एपिसोड की यह डार्क फैंटेसी सीरीज राजा द्वारा दो अलग-अलग तरह के लोगों की कहानी है। गु-चेओन (नाम जू-ह्युक) एक अहंकारी और जबरदस्त घोस्‍ट-बस्‍टर है, जो इंसानी दुनिया और आत्माओं की दुनिया के बीच आ-जा सकता है। वह अपनी जादुई तलवार से आत्माओं को हरा सकता है। जबकि साएंग-गांग (रोह यूं-सेओ) एक दरबारी महिला है, जो एक खतरनाक राज छिपाए हुए है। वह मरे हुए लोगों की आवाजें सुन सकती है। इन दोनों को क्राउन प्रिंस के ईस्ट पैलेस में परेशान करने वाली अजीब और डरावनी चीजों की जांच के लिए एकसाथ भेजा जाता है। ‘द ईस्‍ट पैलेस’ सीरीज Netflix पर 17 जुलाई को रिलीज हो रही है।

द मैप ऑफ लॉन्गिंग (17 जुलाई 2006)

कहां देखें- Netflix

The Map of Longing एक स्‍पेनिश मिनी सीरीज है। 6 एपिसोड की इस सीरीज में ग्रेटा (एलिसिया फाल्को) है, जिसका हमेशा से मानना रहा है कि जिंदगी में उसका एकमात्र मकसद अपनी बहन लुसी को स्टेम सेल डोनेशन के जरिए ल्यूकेमिया से बचाना है। लेकिन जब लुसी की मौत हो जाती है तो ग्रेटा के पास जीने का कोई मकसद नहीं बचता। हालांकि, मरने से पहले लुसी ‘द मैप ऑफ लॉन्गिंग’ छोड़ जाती है, जो एक पर्सनलाइज्ड गेम है, जिसे ग्रेटा को अपने दुख का सामना करने, खुद को फिर से खोजने और अपना दिल दुनिया के लिए खोलने के लिए डिजाइन किया गया है। यह रास्ता ग्रेटा को विल (पाब्लो अल्वारेज) तक ले जाता है, जो एक रहस्यमयी नौजवान है, लेकिन उसका एक अपना दर्दनाक अतीत है। यह सीरीज एलिस केलन के बेस्टसेलिंग स्पेनिश नॉवेल पर आधारित है। आप ‘द मैप ऑफ लॉन्गिंग’ शुक्रवार 17 जुलाई से Netflix पर देख सकते हैं।

स्वपनल सोनल

लेखक के बारे मेंस्वपनल सोनलस्वपनल सोनल, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में असिस्‍टेंट एडिटर हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास 14 वर्षों का अनुभव है। वह एंटरटेनमेंट एडिटर के तौर पर सिनेमा और सितारों की दुनिया को कवर कर रहे हैं। उनकी विशेष रुचि मनोरंजन के बदलते स्‍वरूप यानी OTT पर वेब सीरीज, फ‍िल्‍म समीक्षा और बॉक्‍स ऑफिस के आंकड़ों में है। इसके अलावा, स्‍वपनल ने अपने करियर में राजनीति, समसामयिक घटनाओं, टेक्‍नोलॉजी और वायरल ट्रेंड्स जैसी बीट पर भी काम किया है। वह बीते 8 साल से NBT (Digital) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने जयपुर लिटरेचर फेस्‍टव‍िल और प्रवासी भारतीय सम्‍मेलन की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। वे भारतीय जनसंचार संस्‍थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्‍लोमा, और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं। उन्‍होंने अंग्रेजी साहित्‍य में स्‍नातक की डिग्री ली है।और पढ़ें