मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (ETV Bharat Jaipur)
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री ने नेशनल चैम्पियनशिप एवं पैरा नेशनल चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले 50 खिलाड़ियों को कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति देने की मंजूरी प्रदान की है. इन सभी खिलाड़ियों को माध्यमिक शिक्षा विभाग में नियुक्त किया जाएगा.
नेशनल और पैरा नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों की पात्रता की जांच एवं परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई. जांच के बाद 50 खिलाड़ियों को नियुक्ति के लिए योग्य पाया गया. इसके उपरांत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इनके नियुक्ति प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया. अब इन खिलाड़ियों को शीघ्र ही माध्यमिक शिक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर पदस्थापित किया जाएगा. राज्य सरकार के इस फैसले को खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
पढ़ें: क्रिकेटर रवि बिश्नोई समेत चार को पुलिस महकमे में बनाया डिप्टी एसपी, राजस्थान में ऐसा पहली बार
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर: मुख्यमंत्री के इस निर्णय से न केवल पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी. इससे खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी. सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों को खेल उपलब्धियों के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए और अधिक उत्साह के साथ प्रयास कर सकेंगे. यह निर्णय राजस्थान में खेलों के विकास और खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगा.