नोएडा में चल रहा बड़ा ‘खेल’, अवैध कियोस्क से हर महीने 6 करोड़ की वसूली; एक्शन की तैयारी में प्राधिकरण


प्रवेंद्र सिंह सिकरवार, नोएडा। अवैध क्योस्क से हर महीने किराए के रूप में छह करोड़ रुपये की वसूली हो रही है। बीते कुछ वर्षों की बात की जाए तो अवैध क्योस्क की संख्या और वसूली का आंकडा तेजी से बढ़ा है। इस वसूली में प्रभावी लोग शामिल हैं।

शाम के पांच बजे सेक्टर-137 की प्रीमियम सोसायटी के कन्वीनिएंस मार्केट में घुसते ही नियम हवा नजर आए। छोटे-छोटे अस्थाई टिन शेड्स एक के बाद बने हुए नजर आए। कुछ में चाय-पकौड़ी बिक रही है तो कुछ में फास्ट फूड बनाने की तैयारी चल रही थी। देर शाम से ग्राहक आ-जा रहे थे।

22 हजार तक वसूला जाता है किराया 

बातचीत में पता चला कि ये कियोस्क प्रबंधन और कुछ प्रभावशाली लोगों के हैं। एक कियोस्क का महीने का 18 से 22 हजार रुपये तक किराया वसूला जाता है। नोएडा में अतिक्रमण अब सड़कों तक सीमित नहीं रहा। यह सोसायटियों, मॉल और सेक्टरों की मार्केट तक पहुंच चुका है।

70 से ज्यादा सोसायटियों समेत पूरे नोएडा में 600 जगहों पर तीन हजार से अधिक अवैध कियोस्क चल रहे हैं। ज्यादातर अस्थाई ढांचे बिना किसी अनुमति के खड़े कर दिए गए हैं।

तैयार किए गए तीन हजार से अधिक अवैध क्योस्क

अवैध क्योस्क का धंधा सोसायटी, मॉल व सेक्टरों के 600 से संचालित हो रहा है। अस्थाई ढांचे के रूप में यहां तैयार किए गए तीन हजार से अधिक अवैध क्योस्क से किराए के रूप में वसूली जा रही है। यह वसूली मार्केट के दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर अस्थाई क्योस्क और दुकानें लगवाकर किराया वसूलते हैं। कई स्थानों पर प्रबंधन क्योस्क से किराए की वसूली करती है।

यही स्थिति सेक्टरों में है। सेक्टराें में बनी मार्केट में भी अवैध क्योस्क लगाकर दुकानें संचालित हो रहीं हैं। इनसे मोटी वसूली भी हो रही है। मॉल के ओपन एरिया और असेंबली प्वाइंट पर भी क्योस्क लगा दिए गए हैं यहां शाम को खूब भीड़ रहती है। मॉल की दुकानों से ज्यादा भीड़ यहां अवैध क्योस्क पर नजर आती है। बच्चों के खेलने की जगह पर कियोस्क, एंट्री-एग्जिट गेट के पास कियोस्क हर जगह अतिक्रमण फैला हुआ है।

सेक्टर-75-76 मार्ग पर दो दुकानें लगतीं हैं। यह कई बार हटाई गईं लेकिन कुछ घंटों बाद फिर से लग गईं। यह अतिक्रमण हटाने का अभियान नहीं मिलीभगत का अतिक्रमण है। – अमित गुप्ता, सेक्टर-77

ईको मार्ट के सामने 20 से अधिक दुकानें लगतीं हैं। 10 से अधिक आइजीआरएस शिकायतें की गईं। फर्जी फोटो डालकर शिकायतों का निस्तारण जरूर कर दिया जाता है। – ओम दत्त शर्मा, ईकोसिटी सेक्टर-137

शहर में अतिक्रमण कहीं पर भी आम जनता के लिए परेशानी बना है उसको हटाया जाएगा। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की तैयारी पूरी है। यह नियमित चलेगा। – इंदु प्रकाश सिंह, ओएसडी नोएडा प्राधिकरण



Leave a Comment