न छंटनी, न AI का डर… TCS के CEO ने बताया- तीन महीने में कितने लोगों को दिए जॉब – TCS CEO dismisses AI job cut fears says workforce will continue to grow tuta


देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने गुरुवार को तिमाही नतीजे पेश किए. टीसीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण नौकरियों में कटौती के डर को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि नौकरियों में कटौती की खबर केवल अफवाह है.  

कृतिवासन ने साफ कहा कि AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद कंपनी में कर्मचारियों की कुल संख्या में कोई कमी नहीं आएगी, बल्कि वर्कफोर्स बढ़ता रहेगा. दरअसल, यह बयान ऐसे समय में आया है, जब वैश्विक स्तर पर टेक इंडस्ट्रीज में AI द्वारा व्हाइट-कॉलर नौकरियों को रिप्लेस करने की चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं. 

वर्कफोर्स में कोई कटौती नहीं

कंपनी के वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी करने बाद उन्होंने कहा कि टीसीएस को यह उम्मीद नहीं है कि AI उनके कुल वर्कफोर्स को कम करेगा. इसके विपरीत कंपनी एआई-नेटिव कौशल से लैस नए टैलेंट को काम पर रखना जारी रखेगी और अपने मौजूदा कर्मचारियों को नई तकनीकों के अनुसार ट्रेंड करेगी.

कृतिवासन के इस दावे को कंपनी के हालिया नियुक्ति के आंकड़ों से भी बल मिलता है. जून तिमाही के दौरान TCS ने करीब 9,279 नए कर्मचारी जोड़े हैं, जिससे कंपनी में कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,93,798 हो गई है. यह पिछले चार वर्षों में टीसीएस द्वारा किसी एक तिमाही में की गई सबसे बड़ी हेडकाउंट बढ़ोतरी है. यह साफ दर्शाता है कि AI की चुनौतियां के बीच कंपनी के लिए नई नियुक्तियां प्राथमिकता बनी हुई हैं. 

AI-बेस्ड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में भारी निवेश
TCS प्रमुख का मानना है कि एआई का उपयोग सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कंसल्टिंग और बिजनेस ऑपरेशन्स में प्रोडक्टविटी को बढ़ाएगा. हालांकि, इस बढ़ी हुई कार्यकुशलता का उपयोग नौकरियों को खत्म करने के बजाय अधिक से अधिक नए प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में किया जाएगा. दुनिया भर में कंपनियां अब AI-बेस्ड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में भारी निवेश कर रही हैं, जिससे तकनीकी पेशेवरों के लिए नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं. उनके अनुसार, यह तकनीक काम को रिप्लेस नहीं करेगी, बल्कि काम करने के तरीके और स्वरूप को बदल देगी.

कंपनी का मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और AI बिजनेस
TCS ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मजबूत शुरुआत की है. अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 4.6% बढ़कर 13,349 करोड़ रहा. वहीं, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 13.9% की वृद्धि के साथ 72,275 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. कंपनी का एआई बिजनेस भी तेजी से बढ़ रहा है और एआई पोर्टफोलियो का वार्षिक राजस्व रन रेट 2.6 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. फ्यूचर को देखते हुए कृतिवासन ने जोर दिया कि आईटी उद्योग की सफलता अब लगातार सीखने, अपस्किलिंग और एआई-संचालित भूमिकाओं के साथ खुद को ढालने पर निर्भर करेगी.

—- समाप्त —-



Leave a Comment