जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के सरकारी स्कूलों में प्राइमरी कैडर के 2,000 फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (पीटीआई) पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मोहाली स्थित डायरेक्टर एजुकेशन रिक्रूटमेंट (शिक्षा भर्ती निदेशालय) ने इसके लिए सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है।
विभाग के अनुसार भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश 31 जुलाई को जारी किए जाएंगे, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। यह भर्ती लंबे समय से सरकारी स्कूलों में रिक्त पड़े पीटीआई पदों को भरने के उद्देश्य से की जा रही है।
राज्यभर के हजारों युवा इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। भर्ती पूरी होने के बाद सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और खेल गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 31 जुलाई को शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नीति, आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया, आनलाइन आवेदन की तिथियां, आवश्यक दस्तावेज और अन्य नियम जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी शिक्षा भर्ती निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट erd.punjab.gov.in पर देख सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की सुविधा के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 0172-3115378 और ई-मेलrecruitment@punjabeducation.gov.in भी जारी किया है। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आने पर अभ्यर्थी इन माध्यमों से संपर्क कर सकेंगे।