पत्नी की हत्या कर गर्लफ्रेंड को भेजी फोटो… अमेरिका में भारतीय इंजीनियर गिरफ्तार


डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में एक भारतीय इंजीनियर को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हत्या के बाद उसने क्राइम सीन को इस तरह तैयार किया कि पहली बार में पुलिस भी धोखा खा गई। अब गिरफ्तारी के बाद उसे उम्रकैद की सजा मिल सकती है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2025 को अमेरिका में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के तौर पर काम करने वाले अविनाश नार्ने ने पुलिस को कॉल किया। अविनाश ने कहा कि उसकी पत्नी राजिता सबिनेनी बाथरूम में बंद है और बाहर नहीं आ रही है।

पुलिस को खुद किया फोन

इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर बाथरूम के अंदर घुसी। पुलिस को राजिता जमीन पर मरी हुई मिली। जब पूछताछ शुरू हुई तो अविनाश ने पुलिस को अलग ही कहानी सुनाई। उसने कहा कि वह किसी काम से बाहर गया था और 40 मिनट बाद वापस लौटा तो उसकी पत्नी बाथरूम में बंद थी।

पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो उसे 40 मिनट में किसी अन्य के घर में घुसने का कोई सबूत नहीं मिला। जब लाश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो मौत को हत्या बताया गया। रिपोर्ट में साबित हुआ कि राजिता की मौत गला घोंटे जाने की वजह से हुई थी।

जांच में सामने आई सच्चाई

इसके बाद पुलिस ने अविनाश से सख्ती से पूछताछ शुरू की, तो सारी कहानी खुलकर सामने आ गई। जांच में पता चला कि अविनाश भारत में किसी महिला के साथ रिश्ते में है। 5 जून 2025 को उसकी शादी राजिता से तय हो गई, लेकिन अविनाश में अपनी गर्लफ्रेंड को नहीं छोड़ा।

दोनों की शादी में उसकी गर्लफ्रेंड भी शामिल हुई थी। हत्या के बाद अविनाश ने गर्लफ्रेंड को पत्नी की लाश की फोटो भी भेजी थी। पुलिस ने बताया कि हत्या वाले दिन अविनाश ने इपनी गर्लफ्रेंड को करीब 4 बार फोन किया था।

पुलिस ने राजिता के फोन में अविनाश को भेजे गए मैसेज भी मिले हैं, जिसमें राजिता ने लिखा था कि अविनाश उसके लिए जो ड्रिंक्स बनाता था, उसका स्वाद कड़वा होता था। हत्या वाले दिन भी राजिता ने अविनाश को मैसेज किया था कि उसने जो स्मूदी बनाई है, उसका स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा था।



Leave a Comment