परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी ने रख दी 50 फीसदी वाली शर्त, क्या बोलीं सुप्रिया सुले, National Hindi News


वरिष्ठ नेता शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने साफ कर दिया है कि परिसीमन बिल पर अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा है कि विधेयक सामने आने के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA के दल इसपर विचार करेंगे।

परिसीमन बिल को लेकर जारी चर्चाओं के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एसपी ने साफ कर दिया है कि अभी इसपर कोई रुख तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया है कि अगर 50 फीसदी कोटा की बात बिल में शामिल की जाती है, तो इसपर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि विधेयक सामने आने पर INDIA गठबंधन के दल विस्तार से चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे।

बुधवार को सुले ने कहा, ‘हमने परिसीमन को लेकर न तो किसी से बातचीत की है और न ही किसी ने हमसे इस बारे में संपर्क किया है। बिल पेश होने के बाद ही हम अपना रुख तय करेंगे। हालांकि, हम आने वाले किसी भी बिल पर INDIA गठबंधन के भीतर विस्तार से चर्चा करेंगे… DMK, SP और हमारी पार्टी ने कहा था कि हम 50% कोटा के मुद्दे पर विचार करेंगे…।’

उन्होंने कहा, ‘INDIA गठबंधन ने परिसीमन की मांग नहीं की थी; हमारी मांग है कि महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू किया जाए…। पिछले बजट सत्र के दौरान, किरेन रिजिजू ने असदुद्दीन ओवैसी, मुझे और अरविंद सावंत को बुलाया था। वे पार्टियों को अलग-अलग बुला रहे थे, और हमने देश के गृह मंत्री अमित शाह और किरेन रिजिजू से मुलाकात की थी…। मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में हमने अमित शाह को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि वे हम सभी को एक साथ बुलाएं।’

खास बात है कि इसके साथ ही एनसीपी एसपी के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर भी विराम लगता नजर आ रहा है। हालिया बैठकों के बाद कहा जाने लगा था कि पार्टी एनडीए के साथ जाने पर फैसला ले सकती है। हालांकि, किसी नेता ने आधिकारिक रूप से इसका ऐलान नहीं किया था।

महाराष्ट्र के एक और दल का इनकार

शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विचार करने की बात कही है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, ‘अगर सरकार वापस वो बिल लाती है, तो पूरा विपक्ष एकजुट होकर इसका विरोध करेगा। हमने उनको बिल में कुछ संशोधनों के सुझाव दिए हैं। अगर हमारी बात मानी जाती है, तो हम आगे बिल पर चर्चा करेंगे।’

महिला आरक्षण लागू करने और लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक अप्रैल में निचले सदन में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत न मिलने के कारण खारिज हो गया। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। कुल 528 सदस्यों ने मतदान किया, जबकि इसे पारित करने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी।

NDA में शामिल होने की जता रहे इच्छा एनसीपी एसपी विधायक?

एजेंसी वार्ता ने सूत्रों के हवाले से मंगलवार को बताया कि वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल की बैठक में एनसीपी एसपी के 10 में से नौ विधायकों ने NDA में जाने की इच्छा जताई है। सूत्रों के अनुसार, पाटिल खुद भी एनडीए में शामिल होने को पार्टी के अस्तित्व के लिए सबसे बेहतर विकल्प मान रहे हैं। उन्होंने विधायकों को आश्वस्त किया है कि वे उनकी इस मांग और भावनाओं से पार्टी अध्यक्ष शरद पवार को अवगत कराएंगे।

पार्टी ने कर दिया था इनकार

पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता महेश तापसे ने इन अटकलों को काल्पनिक और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले पहले ही ऐसी किसी भी संभावना को खारिज कर चुकी हैं।



Leave a Comment