जागरण संवाददाता, पलवल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद से देश की पहली मेक इन इंडिया हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर का जिला स्तरीय कार्यक्रम पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, कानून एवं विधायी तथा खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारत को आत्मनिर्भर, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह तकनीक कार्बन उत्सर्जन कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। यह पहल भारत को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर करेगी।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सनातन संस्कृति सहित देश की टेक्नोलाजी से लेकर देश की सेनाओं को विकसित करने का काम किया है, जिस पर पूरे देश को गर्व है।
ग्रीन थीम पर आयोजित था कार्यक्रम
प्रधानमंत्री ने अयोध्या में देश की आस्था के प्रतीक राम मंदिर का निर्माण करवाकर देश की सांस्कृतिक संस्कृति को और अधिक मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने भारतीय सनातन संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम और सर्वे भवंतु सुखिन: की भावना में विश्वास करती है।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि जिला प्रशासन ने इसे ग्रीन थीम पर आयोजित किया। मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और अधिकांश अधिकारी इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी वाहनों से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
प्रशासन ने नागरिकों से भी ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक वाहन, सीएनजी बस, साइकिल या पैदल पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अपील की। इस अवसर पर मुख्यातिथि खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 13 लाभार्थियों को नए मकानों की चाबियां भी सौंपी।
लाभार्थियों ने पक्का घर मिलने पर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में होडल विधायक हरेंद्र सिंह, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज रावत, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व भाजपा अध्यक्ष चरण सिंह तेवितया जिला परिषद उप चेयरमैन उमेश गुदराना, हरेंद्रपाल राणा,सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।