पवन एक्सप्रेस: दलालों का फर्जी टिकट खेल, यात्री फंसे


Samastipur News: पूर्व मध्य रेलवे में फर्जी टिकट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. खासकर पवन एक्सप्रेस टिकट दलालों के निशाने पर है. कन्फर्म टिकट की चाहत में यात्री दलालों के झांसे में आकर फर्जी टिकट के साथ यात्रा कर रहे हैं और पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं.

एक पीएनआर पर कई यात्रियों की बुकिंग

रेलवे सूत्रों के अनुसार, पवन एक्सप्रेस में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही पीएनआर नंबर पर यात्रा कर रहे यात्री एक-दूसरे को जानते तक नहीं हैं. टिकट दलाल छोटे स्टेशनों से तत्काल टिकट बुक कर विभिन्न तरीकों से उसका दुरुपयोग करते हैं और उसी पीएनआर पर कई यात्रियों को यात्रा कराते हैं.

दोगुनी-चौगुनी कीमत वसूलते हैं दलाल

बताया जाता है कि टिकट दलाल स्टेशन पर यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर दोगुनी या चौगुनी कीमत वसूलते हैं. वे यात्रियों से कहते हैं कि उसी पीएनआर पर दूसरे स्टेशन से कोई अन्य यात्री भी ट्रेन में सवार होगा. भोले-भाले यात्री इस झांसे में आकर फर्जी टिकट के साथ यात्रा करने लगते हैं.

रेलवे चला रहा विशेष अभियान

पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने टिकट दलालों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है. मंडल रेल प्रशासन की टीमें पूरे डिवीजन में लगातार जांच अभियान चला रही हैं. फर्जी टिकट के मामलों में दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और यात्रियों से भी केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदने की अपील की जा रही है.



Leave a Comment