‘पहले ईरान से निपटे लें, फिर क्यूबा को भी देख लेंगे…’ ट्रंप का बड़ा बयान – trump calls cuba failed state will take care after iran blames venezuela crisis ntc drmt


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को एक ‘असफल देश’ करार दिया है. उन्होंने क्यूबा के मौजूदा हालातों के लिए वेनेजुएला संकट और आर्थिक तंगी को जिम्मेदार ठहराया.

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया था कि क्या हवानापर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों का मकसद उसके पतन को तेज करना है? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि अमेरिका चाहता है कि क्यूबा एक अच्छे से चलने वाला देश बने, जो अपने लोगों का पेट भर सके.

ट्रंप ने कहा, ‘क्यूबा एक असफल देश है. वेनेजुएला के पास जमीन के भीतर दबी हुई संपत्ति है, जिसके दम पर उसने सालों तक क्यूबा का ख्याल रखा. बदले में क्यूबा ने भी वेनेजुएला की मदद की.’

‘क्यूबा के पास कुछ नहीं बचा…’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, ‘जब हम वेनेजुएला में घुसे, तो क्यूबा के लोग वहां निकोलस मादुरो और अन्य लोगों के बॉडीगार्ड बने हुए थे. क्यूबा के लोग अच्छे सैनिक हैं, लेकिन आज उनका खुद का देश भूखा मर रहा है. वहां न ऊर्जा है, न तेल है और न ही पैसा है. क्यूबा के पास कुछ नहीं बचा है.’

ट्रंप ने आगे कहा कि क्यूबा के पास जमीन का एक बेहद खूबसूरत हिस्सा है, जहां शानदार रिसॉर्ट्स बनाए जा सकते हैं, लेकिन वहां तेल नहीं है. वेनेजुएला ही उसे जिंदा रहने के लिए पैसा दे रहा था. लेकिन अब वो पैसा वेनेजुएला के जरिए अमेरिका के पास आ रहा है.

ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला से अमेरिका को इतना फायदा हुआ है कि उनके हमले की लागत कई गुना वसूल हो चुकी है.

ईरान के बाद अब क्यूबा की बारी

इस सवाल पर कि क्या इन हालातों के बाद क्यूबा पूरी तरह ढहने या बंद होने के कगार पर है? ट्रंप ने कहा,’ये एक तरह से ढह ही चुका है. जैसे ही हम अपना मौजूदा काम पूरा कर लेंगे, हम इस मामले को देख लेंगे. मैं एक समय में एक ही काम करना पसंद करता हूं. पहले हम ईरान के मामले को निपटाएंगे. इसके बाद वहां से लौटते समय हम क्यूबा पर एक छोटा सा स्टॉप लेंगे और इसे भी संभाल लेंगे.

‘क्यूबा के लोग बेहतरीन, हमारे पास उनके लिए अच्छे प्लान’

ट्रंप ने मियामी में रहने वाले क्यूबाई मूल के नागरिकों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत क्यूबाई लोगों ने उन्हें वोट दिया है. वो बेहद ऊर्जावान और व्यापारिक सोच वाले लोग हैं. मियामी के कुछ सबसे अमीर लोग क्यूबा से ही ताल्लुक रखते हैं.

ट्रंप ने वादा किया कि वो क्यूबा के लोगों का पूरा ख्याल रखेंगे और उन्हें उनकी जमीन पर वापस लौटने का मौका देंगे. ट्रंप ने कहा, ‘वहां का शासन बहुत सख्त और गंदा था, जिसने लोगों के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया. लेकिन अब उनके पास वेनेजुएला से आने वाला पैसा और तेल पूरी तरह बंद हो चुका है.’

यह भी पढ़ें: ‘जंग हो या समझौता, जीत अमेरिका की ही होगी…’ ट्रंप की ईरान को दो टूक

उन्होंने आगे कहा, ‘हम क्यूबा के साथ अच्छा व्यवहार करेंगे. हम अपने लोगों को वहां वापस जाने और निवेश करने की अनुमति देंगे. हमारे पास क्यूबा के लिए कुछ बहुत अच्छे प्लान हैं.’

—- समाप्त —-


Leave a Comment