पेद्दी में जान्हवी कपूर के बदले जाएंगे सीन्स, तीखी आलोचना के बाद डायेरक्टर ने मांगी माफी – Peddi Director Buchi Babu Sana Apologizes Janhvi Kapoor hyper sexualisation Scene tmovg


साउथ सुपरस्टार राम चरण की हालिया रिलीज फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) में जाह्नवी कपूर के किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. अब इस बीच बढ़ती आलोचना और दर्शकों के गुस्से को देखते हुए आखिरकार फिल्म के डायरेक्टर बुची बाबू सना को सामने आना पड़ा है. उन्होंने इस पूरे मामले पर न सिर्फ सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, बल्कि दर्शकों को भरोसा दिलाया है कि फिल्म के उन विवादित हिस्सों और सीन्स में बदलाव किए जाएंगे.

दरअसल क्रिटिक्स ने फिल्ममेकर्स पर एक्ट्रेस को ऑब्जेक्टिफाई और हाइपर-सेक्शुअलाइज करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद काफी विरोध हुआ और डायरेक्टर बुची बाबू सना को इस पर जवाब देना पड़ा है.

डायरेक्टर ने मांगी माफी
बुची बाबू ने लिखा, ‘एक फिल्ममेकर होने के नाते मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि सिनेमा का काम दर्शकों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और उनके दिलों से जुड़ना है. फिल्म से कभी भी किसी को असहज या अपमानित महसूस नहीं होना चाहिए. हमने ‘पेद्दी’ के कुछ दृश्यों को लेकर दर्शकों की राय देखी है और इसे पूरी गंभीरता से लिया है. पर्दे पर और असल जिंदगी में भी महिलाओं के लिए मेरे दिल में हमेशा से गहरा सम्मान रहा है. हमारा इरादा कभी भी किसी महिला किरदार को केवल एक वस्तु (ऑब्जेक्ट) के रूप में पेश करने या उसका अपमान करने का नहीं था. अगर फिल्म के किसी भी हिस्से से ऐसी भावनाएं आहत हुई हैं, तो हम उन भावनाओं का पूरा सम्मान करते हैं, चिंताओं को समझते हैं और इसके लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं.’

विवादित सीन्स पर कैंची चलना तय
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘उप्पेना’ के डायरेक्टर बुची बाबू सना ने इस बात की भी पुष्टि कर दी है कि वो फिल्म के उन विवादित हिस्सों को बदलने जा रहे हैं. उन्होंने अपने बयान में कहा, ‘दर्शकों से मिले फीडबैक पर गहराई से विचार करने के बाद, हमने संबंधित दृश्यों में जरूरी बदलाव करने का फैसला किया है. कोई भी सिनेमा दर्शकों के साथ अपने जुड़ाव और प्यार से ही आगे बढ़ता है. एक कहानीकार होने के नाते हमारी यह जिम्मेदारी बनती है कि हम समाज की बदलती सोच और संवेदनशीलता का पूरा ख्याल रखें.’ 

उन्होंने आगे लिखा कि हर महिला सम्मान, गरिमा और एक मजबूत प्रतिनिधित्व की हकदार है. वे आगे भी ऐसी कहानियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे जो मजबूत किरदारों का जश्न मनाती हों. आखिर में उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ अपनी राय मेकर्स तक पहुंचाई.

बॉक्स ऑफिस पर ‘पेद्दी’ का धमाका
अगर फिल्म ‘पेद्दी’ की बात करें, तो यह एक बेहद दमदार स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण लीड रोल में नजर आ रहे हैं और जाह्नवी कपूर ने उनकी प्रेमिका का रोल प्ले किया है. फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है जो तमाम मुश्किलों और चुनौतियों का सामना करते हुए अपने गांव की जमीन, उसकी पहचान और सम्मान के लिए लड़ता है. भले ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म ने दुनिया भर के सिनेमाघरों में अपने शुरुआती दो दिनों के भीतर ही 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. 

—- समाप्त —-


Leave a Comment