पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के बाद पहला मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को हुआ। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। राज्यपाल आरएन रवि ने सोमवार सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय नबन्ना में सभी मंत्रियों को सामूहिक शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल आर.एन. रवि नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस के डेढ़ दशक लंबे शासन का अंत किया था।
ये भी पढ़ें: महंगाई की मार: आज से महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलिंडर, जानें नई कीमतें; होटल-रेस्तरां कारोबार पर बढ़ेगा खर्च
क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण साधने की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए सरकार क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास करेगी। इससे प्रशासनिक स्तर पर भी सरकार की कार्यक्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई नए चेहरों को मिल सकती है जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उत्तर बंगाल के कुछ विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। माथाभांगा से विधायक निशीथ प्रमाणिक को कैबिनेट स्तर की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है, जबकि कूचबिहार-दक्षिण से विधायक रथींद्र बोस को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दीपक बर्मन और शंकर घोष जैसे नेताओं के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं।
विभागों के बंटवारे पर भी जल्द फैसला
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभिन्न विभागों के आवंटन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। पहली बार विधायक बने कई नेताओं को मंत्री पद मिलने की चर्चा है। संभावित नामों में शंकर घोष, मनोज ओंराओ, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, शारद्वत मुखोपाध्याय, स्वपन दासगुप्ता, दुधकुमार मंडल और तापस राय शामिल बताए जा रहे हैं।
महिला प्रतिनिधित्व पर भी जोर
भाजपा नेतृत्व मंत्रिमंडल में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि विस्तार में दो या उससे अधिक महिला नेताओं को शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा फिल्म जगत से जुड़ी एक महिला हस्ती को भी मंत्री पद दिए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र MLC चुनाव 2026: भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, अरुण लखाणी सहित मैदान में कई बड़े नाम
अभिनेता से राजनेता बने रुद्रनील घोष का नाम भी संभावित मंत्रियों में चर्चा में है। वहीं पत्रकारिता से राजनीति में आए स्वपन दासगुप्ता और जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है। स्वपन दासगुप्ता को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपे जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।