राज्य ब्यूरो, पटना। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना के न्यू करबिगहिया पहुंचकर अपहृत कर हत्या किए गए किराना व्यवसायी बंटी कुमार यादव के स्वजनों से मुलाकात की।
उन्होंने परिवार को सांत्वना दी, आर्थिक सहायता प्रदान की। कहा कि हम इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को अविलंब स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी की सजा देने की मांग करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस परिवार के साथ हम मजबूती से खड़े हैं। सरकार पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता प्रदान करे।
माफिया से पुलिस की मिलीभगत
मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा, अपराधियों, माफियाओं, सेक्स रैकेट चलाने वालों, शराब माफिया और जमीन माफियाओं को बचाने का काम हो रहा है।
पटना के जितने जमीन माफिया, बालू माफिया, सेक्स रैकेट माफिया, शराब माफिया और ड्रग्स माफिया हैं, पुलिस उनसे मिली हुई है।
ऐसा लगता है कि यही लोग धंधा चलाएंगे और वसूली करेंगे, जबकि आम आदमी की सुरक्षा थाना नहीं करेगा। उन्होंने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखींं।
कहा, मामले की अविलंब स्पीडी ट्रायल कराकर दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। जिस वीसी का नाम सामने आया है, वह जल्लाद की तरह है।
वीसी को मिले कठोर सजा
जिस तरह, मेरे आरोप के अनुसार, किन्नर और वीसी ने चार दिनों तक मेरे बच्चे को प्रताड़ित किया, तेजाब डाला और उसे यातनाएं दीं, उन्हें ऐसी कठोर सजा मिले कि भविष्य में किसी मां की उम्मीद और किसी बेटी का सिंदूर न उजड़े।
पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से कम से कम एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। जो बेटी विधवा हो गई है, उसे हर हाल में सरकारी नौकरी दी जाए तथा पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
72 घंटे के भीतर वीसी की गिरफ्तारी की जाए। मुख्यमंत्री से अपील करते हुए पप्पू यादव ने कहा, मैं मुख्यमंत्री से आग्रह है कि पटना, नालंदा, हाजीपुर, बख्तियारपुर और अन्य स्थानों में चल रहे सेक्स रैकेट का पूरी तरह सफाया किया जाए।
यह भी पढ़ें- बंटी यादव अपहरण कांड में पटना पुलिस के 4 जवान सस्पेंड, घटनास्थल से महज 100 मीटर दूर थे तैनात