ईसाई प्रचारक गिरफ्तार. (Photo Credit: ETV Bharat)
बरेली: मीरगंज थाना क्षेत्र के सैंजना गांव में धर्म परिवर्तन के प्रयास का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ईसाई प्रचारक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी पर लोगों को नौकरी, आर्थिक सहायता और बेहतर जीवन का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है.
पुलिस ने उसके कब्जे से बाइबिल समेत कई धार्मिक पुस्तकें, हस्त लिखित नोटबुक और अन्य प्रचार सामग्री बरामद किया है. मामले की जांच जारी है. पुलिस के अनुसार सैंजना गांव निवासी अंकित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था.
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 9 जुलाई को गांव के गजेंद्र के घर पर आयोजित एक सभा में शीशगढ़ क्षेत्र के भुड़ासी निवासी प्रेमपाल लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था.
थाना मीरगंज #bareillyPolice द्वारा ग्राम सैजना में प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को प्रलोभन देकर धर्म संपरिवर्तन का प्रयास करने की सूचना पर अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की गिरफ्तारी आदि के सम्बन्ध में #SPSouth की बाइट।#UPPolice https://t.co/z35pbuVUiB pic.twitter.com/oJkUZC9KiT
— Bareilly Police (@bareillypolice) July 10, 2026
आरोप है कि सभा के दौरान लोगों को नौकरी दिलाने, आर्थिक मदद और बेहतर जीवन का प्रलोभन दिया गया. साथ ही हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं. सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की.
मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह छिपने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे नगरिया सादात फाटक के पास अंडरपास के निकट से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में प्रेमपाल ने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक बाइबिल, भजन संहिता एवं नीति वचन पुस्तक, नया नियम की दो पुस्तकें, ‘मुक्तिदाता कौन’ नामक पुस्तक, आध्यात्मिक गीतों की पुस्तक, एक हस्त लिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है.
प्रभारी निरीक्षक मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था. जांच के दौरान आरोपी प्रेमपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके कब्जे से धार्मिक साहित्य और अन्य सामग्री बरामद हुई है.
मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा ने भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.