बल्लेबाज पर गेंद फेंकना पड़ा भारी, विवादों फंस गए गुरनूर ब्रार, ICC ने लगाई फटकार – icc action on gurnoor brar code of conduct violation in first match india vs england demerit point


इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में अनुचित तरीके से बल्लेबाज की तरफ गेंद फेंकने के कारण भारतीय गेंदबाज गुरनूर ब्रार को आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है। ब्रार को आधिकारिक चेतावनी दी गई है और उनके खाते में 1 डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।

Gurnoor Brar
गुरनूर ब्रार(फोटोANI)
बर्मिंघम: इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय युवा तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार विवादों में घिर गए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने मैच के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के लिए ब्रार को आधिकारिक चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही उनके डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में 1 डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है। 24 महीने की अवधि में गुरनूर ब्रार का यह पहला अपराध है। जिसके कारण आईसीसी ने सिर्फ 1 ही अंक जोड़े हैं।

8वें ओवर में बल्लेबाज की तरफ खतरनाक तरीके से फेंकी थी गेंद

यह घटना इंग्लैंड की पारी के 8वें ओवर के दौरान हुई, जब फील्डिंग कर रहे गुरनूर ब्रार ने गेंद को फील्ड करने के बाद अनुचित और खतरनाक तरीके से सीधे इंग्लिश बल्लेबाज की तरफ थ्रो कर दिया। मैदान पर मौजूद अंपायरों ने इसे आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.9 का उल्लंघन माना। ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगाज्स्की और चौथे अंपायर रसेल वारेन ने मिलकर खिलाड़ी पर यह आरोप तय किए।

ब्रार ने मानी गलती

मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित इस सजा और अपनी गलती को गुरनूर ब्रार ने बिना किसी आपत्ति के स्वीकार कर लिया है। ब्रार द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद आईसीसी को इस मामले में कोई औपचारिक सुनवाई करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। आईसीसी के नियमों के मुताबिक, लेवल-1 के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा के तौर पर केवल फटकार लगाई जाती है, जबकि अधिकतम सजा के तौर पर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाते हैं।

क्या होता है डिमेरिट पॉइंट का नियम?

आईसीसी के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने के भीतर 4 या उससे अधिक डिमेरिट अंक तक पहुंच जाता है, तो इन अंकों को निलंबन अंकों में बदल दिया जाता है और खिलाड़ी पर बैन लगा दिया जाता है। दो निलंबन अंक होने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट मैच, दो वनडे या दो टी20 मैचों से प्रतिबंधित किया जा सकता है। खिलाड़ी के रिकॉर्ड में दर्ज यह डिमेरिट पॉइंट 24 महीनों के लिए सक्रिय रहता है, जिसके बाद इसे हटा दिया जाता है।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।… और पढ़ें