‘बसपा का गठबंधन जनता से, सरकार बनना तय’, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने प्रयागराज में किया दावा


जागरण संवाददाता, प्रयागराज। लक्ष्य 2027 का विधानसभा चुनाव है और 2007 के जैसी आंधी एक बार फिर चलने वाली है। जिस तरह से शिक्षा, स्वास्थ्य, बेहतर कानून व्यवस्था, सरकारी नौकरियों में भर्ती और प्रदेश को दंगा मुक्त रखने में बसपा सरकार ने कीर्तिमान बनाया था, वही इतिहास दोहराने वाला है। यह बातें शनिवार को फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहीं। दावा किया कि बसपा का गठबंधन आम जनता से है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, पिछड़ा वर्ग, मुस्लिम, एससी/एसटी और अन्य अल्पसंख्यक वर्ग मायावती को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कमर कस चुके हैं।

कार्यकर्ता सम्मेलन में एकजुटता की दी सीख 

फाफामऊ के शाहजीपुर स्थित माही गेस्ट हाउस में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें बूथ और सेक्टर कमेटियों की मजबूती तथा एक-एक वोट सहेजने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा गया। मुख्य अतिथि विश्वनाथ पाल ने कहा कि 2007 से 2012 तक प्रदेश में मायावती की सरकार थी। तब शिक्षा पर सबसे ज्यादा काम किया गया था। 5000 प्राथमिक विद्यालय बनवाए गए थे। किसानों के लिए खाद, सिंचाई और क्रय केंद्रों पर फसलों की खरीद की व्यवस्था पुख्ता रखी गई थी।

‘महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है’

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था सर्वोत्तम मायावती सरकार ने ही बनाई थी। कहा कि चाहे 2012 से 2017 तक सपा की सरकार रही हो या फिर उसके बाद से अब तक भाजपा की योगी सरकार। इसमें महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है।  

‘नीट, एसएससी पेपर लीक योगी सरकार की विफलता”

उप्र की योगी सरकार पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने हमला करते हुए कहा कि नीट और एसएससी की परीक्षा में पेपर लीक हो गया। इससे उन सभी बच्चों में निराशा हुई जो सरकारी नौकरी पाने, डॉक्टर बनने के लिए दिन रात पढ़ाई कर रहे हैं। कहा कि नवजवानों को सरकारी नौकरी नहीं मिल रही है। ये सभी इस बार बसपा सरकार बनने की उम्मीद कर रहे हैं ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।  

दूसरे दल छोड़कर थामा बसपा का दामन

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान संजय यादव, विमलेश, रामकिशुन पाल, भारत ने बसपा की सदस्यता ली। ये सभी सपा और आजाद समाज पार्टी से नाता तोड़कर बसपा में शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन में अध्यक्षता जिलाध्यक्ष टीएन जैसल ने की। प्रयागराज के मुख्य मंडल प्रभारी सतीश जाटव, चिंतामणि वर्मा, मातादीन के अलावा प्रयागराज मंडल प्रभारी पंकज गौतम, आकाश राव, अभिषेक गौतम, मंडल संयोजक भाईचारा डा. जगन्नाथ पाल, अमरनाथ निडर आदि उपस्थित रहे।



Leave a Comment