बार-बार सिरदर्द और उल्टी होना हो सकता है ब्रेन ट्यूमर का लक्षण, इन 5 संकेतों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज | World brain tumor day 2026 early symptoms of brain tumor In Hindi


Health

oi-Staff

Symptoms Of Brain Tumor: हर साल 8 जून को विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस (World Brain Tumor Day 2026) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य ब्रेन ट्यूमर के लक्षणों और इसके उपचार के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाना है। ब्रेन ट्यूमर एक गंभीर बीमारी है, जिसमें मस्तिष्क में असामान्य गांठ या कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं। कुछ ब्रेन ट्यूमर कैंसर रहित यानी बिना कैंसर वाले होते हैं और कुछ ब्रेन ट्यूमर कैंसर युक्त होते हैं। ब्रेन में ट्यूमर जब अधिक विकसित हो जाता है, तो खोपड़ी के भीतर दबाव बढ़ने लगता है। इसके कारण मस्तिक को नुकसान पहुंच सकता है और समय पर इलाज न मिलने से मरीज की मौत भी हो सकती है। ऐसे में, इसके लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है। ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षण अक्सर इतने सामान्य होते हैं कि लोग उन्हें सिरदर्द, थकान या तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यही अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में, इसके लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है। आइए, डॉ उत्कर्ष भगत, निदेशक और वरिष्ठ सलाहकार (न्यूरोसर्जरी), नारायणा अस्पताल, गुरुग्राम से जानते हैं ब्रेन ट्यूमर के शुरुआती लक्षणों के बारे में विस्तार से –

Brain Tumor Sympotms

फोटो क्रेडिट: गूगल

लगातार सिरदर्द होना

ब्रेन ट्यूमर का सबसे आम और शुरुआती लक्षण है सिरदर्द। सामान्य सिरदर्द से अलग यह दर्द अक्सर सुबह के समय सबसे ज्यादा होता है। यदि रोज-रोज सिरदर्द होता है, समय के साथ इसकी तीव्रता बढ़ रही है और अगर पेन किलर लेने के बावजूद आराम नहीं मिल रहा, तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण नजर आने पर आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

उल्टी और जी मिचलाना

अगर आपको बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक से उल्टी या मतली की समस्या हो रही है, तो यह ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। यह अक्सर सुबह के समय ज्यादा होता है। कई लोग इसे गैस्ट्रिक या पाचन संबंधी समस्या समझ कर नजरअंदाज देते हैं, लेकिन अगर समस्या काफी दिनों तक बनी रहे, तो तुरंत इलाज करवाना चाहिए।

धुंधला दिखाई देना

ब्रेन ट्यूमर की वजह से आंखों की नसों या दृष्टि से जुड़े हिस्सों पर असर पड़ सकता है। इसके कारण व्यक्ति को साफ दिखाई नहीं देता और नजर धुंधली होने लगती है। कुछ मामलों में डबल विजन या अचानक देखने की क्षमता कम हो सकती है। अगर आपको इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो डॉक्टर से मिलकर चेकअप जरूर करवाएं।

याददाश्त कमजोर होना

ब्रेन ट्यूमर का असर सोचने-समझने और याद रखने की क्षमता पर भी पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति छोटी-छोटी बातें भूलने लगता है और किसी काम पर लंबे समय तक ध्यान केंद्रित करने में परेशानी महसूस कर सकता है। अगर आपको इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें ताकि आपका समय पर इलाज किया सके।

बैलेंस बिगड़ना

जब ट्यूमर आपके दिमाग के उस हिस्से को प्रभावित करता है, जो शरीर का तालमेल और संतुलन नियंत्रित करता है, तो व्यक्ति को चलते समय लड़खड़ाना, हाथ-पैर में कमजोरी या तालमेल बिगड़ना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई बार हाथों में कंपन या चीज़ें पकड़ने में कमजोरी जैसी दिक्कतें भी सामने आती हैं। अगर आपको ऐसे संकेत दिख रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर की मदद लें।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Monday, June 8, 2026, 9:00 [IST]




Leave a Comment