संवाद सहयोगी, नवादा। नवादा के गांव-गांव में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा मिलेगा। दौड़ हो या भारोत्तोलन, खो-खो हो या कबड्डी। ग्रामीण खेल से लेकर आधुनिक क्रिकेट, वालीबाल और रग्बी जैसे खेलों में रूचि रखने वाले खिलाड़ियों को ग्रामीण स्तर पर ही प्रोत्साहन मिलेगा।
जुझारू और खेलों के प्रति समर्पित खिलाड़ियों को उम्दा प्रशिक्षण देने का काम होगा और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में भी मदद की जाएगी। बिहार सरकार गांव-गांव तक छिपी खेल प्रतिभाओं को उभार करके राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय फलक पर अवसर उपलब्ध कराने को प्रयासरत हैं।
इतना ही नहीं, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी उपलब्ध करा रही है। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ स्कीम के तहत जिले के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में कार्य करने का अवसर मिला हैं और वे खेल के साथ ही नौकरी करते हुए घऱ-परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम हुए हैं।
गांव समाज में उनकी विशिष्ट पहचान के कारण सम्मान अलग हैं। अब नए उभरते खिलाड़ियों के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह महानिदेशक ने पत्र जारी करके उन्हें ग्राम पंचायतों में गठित खेल क्लब का सदस्य बनने को प्रेरित किया हैं।
खिलाड़ियों के लिए खोला गया हैं विशेष पोर्टल, ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
जिले के ग्राम पंचायत और नगर निकाय में गठित खेल क्लब से जुड़ने के लिए युवा और खिलाड़ी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक जुलाई से लेकर 15 अगस्त तक खेल क्लब में सदस्य के रूप में जुड़ने का अवसर मिलेगा। जिले भर के 182 ग्राम पंचायत में गठित खेल क्लब को अधिक क्रियाशील बनाने के उद्देश्य से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से यह पहल की गई है।
इन खेल क्लब से जुड़े युवा और खिलाड़ी ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक के खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, इनके कार्यक्रम निर्धारण और खेल महोत्सव के आयोजन में अपनी सहभागिता निभाएंगे।
जिले में दो अक्टूबर से अगले तीन महीने के लिए पंचायत स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन होना है, इसमें एक ग्राम पंचायत के खिलाड़ी दूसरे पंचायत के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे और फिर प्रखंड स्तर से होकर जिला स्तर पर अपनी कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा खेल क्लब में जुड़ने के लिए पोर्टल खोला गया हैं।
खिलाड़ी https://club.biharsports.org/auth/member-register पर जाकर क्लब का सदस्य बन सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 9031045382 भी जारी किया गया हैं।
क्या कहते हैं पदाधिकारी?
जिला खेल पदाधिकारी, रविजी ने बताया कि बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही हैं। अब खेल-कूद करके सरकारी सेवाओं में भी नौकरी प्राप्त किया जा सकता हैं।
वर्तमान में एक जुलाई से 15 अगस्त तक पंचायत स्तर ओर गठित खेल क्लब में सदस्य बनने का अवसर हैं। नए उभरते खिलाड़ी बिहार स्टेट स्पोर्ट्स आथॉरिटी के वेबसाइट पर जाकर सदस्य के तौर पर पंजीकरण करा सकते हैं। यह उनके खेल भविष्य के लिए नए अवसर पैदा करेगा।