बिहार के जहानाबाद जिले में बारातियों और सरातियों के बीच हिंसक झड़प हुई है। मारपीट के दौरान 4 लोगों को चाकू घोंपने की सूचना है। इसमें एक घायल की मौत हो गई है। कुल 12 लोग जख्मी हुए हैंं। घटना के बाद इलाके में तनाव भी फैल गया।
बिहार के जहानाबाद इलाके में शादी का माहौल खूनी खेल में बदल गया। डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुए विवाद के बाद बाराती और सराती के बीच झगड़ा शुरू हुआा था। यह झगड़ा मर्डर तक जा पहुंचा। जहानाबाद के शकुराबाद थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में देर रात बाराती और सरातियों के बीच जमकर मारपीट एवं चाकूबाजी की घटना हुई जिसमें लगभग दर्जन भर लोग घायल हो गए है। जिसमें चार लोगों को चाकू लगने की सूचना है। जिससे गंभीर रूप से घायल एक युवक ने पीएमसीएच पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक सलारपुर गांव निवासी सुखल साव का पुत्र नागेंद्र कुमार 18 वर्ष बताया जाता है। जबकि इसी गांव के सियाराम महाराज का पुत्र शंभू कुमार 20 वर्ष की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं ग्रामीणों के द्वारा तीन बाराती को बंधक बना कर जमकर मारपीट की गयी। लेकिन बाद में पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया।
मालूम हो कि सलारपुर गांव निवासी मेजी उर्फ लोभी बिन्द के घर ओकरी थाना क्षेत्र के कुरुआ गांव से बारात आई हुई थी। पारंपरिक तरीके से देवपूजन के लिए बारात पक्ष के लोग डीजे पर नाचते झूमते जा रहे थे। उसी दौरान मामूली बात को लेकर बाराती एवं सराती पक्ष के बीच बहस होने लगी और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान बाराती पक्ष से प्रवीण कुमार सहित चार अन्य व्यक्ति घायल हो गए। वहीं गुस्साए बारातियों ने जलमासा में पहुंचा और टेंट समियाना में मजदूर के रूप में काम कर रहे साहिल कुमार ,सूरज कुमार, नागेंद्र कुमार एवं शंभू कुमार को सोये अवस्था में चाकू मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 112 पर फोन कर स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकुराबाद ले गयी जहां इलाज कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विशेष इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां से भी डॉक्टर ने घायलों की गम्भीर अवस्था देखते हुए विशेष इलाज के लिए सूरज कुमार, साहिल कुमार, नागेंद्र कुमार एवं शंभू कुमार को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। जहां नागेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं शंभू कुमार की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सलारपुर गांव में बाराती व सराती पक्ष के लोगों के बीच मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना हुई है। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। वहीं ग्रामीणों के द्वारा तीन बाराती को बंधक बना कर मारपीट की गयी थी। जिनको वहां से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जिसका प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि घटनास्थल पर चाकू तो नहीं मिला है। लेकिन चाकू का कवर पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं दूल्हा सहित पांच लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शीघ्र इस मामले में आवेदन मिलते ही अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
नागेंद्र की मौत के बाद गांव में पसरा मातम
18 वर्षीय युवक नागेंद्र कुमार की मौत के बाद सलारपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल है। हालांकि माहौल को देखते हुए पुलिस गांव में कैंप कर रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नहीं हो सके। इधर मृतक के मामू उमेश कुमार ने बताया कि नागेंद्र कुमार का पैतृक गांव गया जिले के कोच थाना अंतर्गत मोक गांव है। वह बचपन से सलारपुर में ही अपने नानी के घर रह रहा था। मृतक दो भाई था जिसमें नागेंद्र बड़ा था। वह मजदूरी कर स्वयं अपनी पढ़ाई लिखाई का खर्चा उठा रहा था। गांव के लोग बताते हैं कि नागेंद्र पढ़ने में बहुत अच्छा था। इसी वर्ष बीए में एडमिशन लिया था। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। गांव में जैसे ही उसकी मौत की सूचना मिली परिजनों में हाहाकार मच गया है। फिलहाल शव को पीएमसीएच से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।