बैजबॉल युग का अंत, इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच पद से बर्खास्त किए गए ब्रेंडन मैकुलम, व्हाइट-बॉल क्रिकेट को लेकर बड़ा फैसला – brendon mccullum sacked england test head coach will continue his service in odi and t20i


इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट हेड कोच के पद से हटा दिया है, हालांकि वे वनडे और टी20 के कोच बने रहेंगे। एशेज में हार और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद मैकुलम को बर्खास्त किया गया है।

brendon mccullum
ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम के हेड कोच के पद से हटाया गया(फोटोAP)
नई दिल्ली: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने रविवार शाम को एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा फैसला लेते हुए ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड की मेंस टेस्ट टीम के मुख्य कोच के पद से बर्खास्त कर दिया है। हालांकि, मैकुलम सीमित ओवरों के क्रिकेट (वनडे और टी20) में इंग्लैंड के हेड कोच के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे। इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के हाथों एशेज में मिली करारी शिकस्त के बाद से ही मैकुलम पर दबाव लगातार बढ़ रहा था, लेकिन हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली टेस्ट सीरीज हार के बाद उनका यह पद पूरी तरह से असुरक्षित हो गया था, जिसके बाद बोर्ड ने अंत में यह कड़ा कदम उठाया।

बेन स्टोक्स के संन्यास और नाइटक्लब विवाद के बाद गहराया संकट

हाल ही में इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद मैकुलम और इंग्लैंड के क्रिकेट निदेशक रॉबर्ट की का भविष्य दांव पर लग गया था। स्टोक्स का संन्यास लेने का यह फैसला एक नाइटक्लब की घटना के कुछ ही दिनों बाद आया था, जिस विवाद के कारण इंग्लैंड के कप्तान को दूसरे टेस्ट मैच की टीम से भी बाहर कर दिया गया था।

सफल नहीं रही मैकुलम और स्टोक्स की जोड़ी

मैकुलम और स्टोक्स की जुगलबंदी के तहत इंग्लैंड की टीम भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसे मजबूत विरोधियों के खिलाफ एक भी टेस्ट सीरीज जीतने में पूरी तरह नाकाम रही। मैकुलम के बैजबॉल यानी आक्रामक अंदाज में टेस्ट खेलने के दृष्टिकोण ने पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसी टीमों के खिलाफ तो सफलता दिलाई, लेकिन जब बात क्रिकेट की दो सबसे बड़ी टीम, भारत और ऑस्ट्रेलिया की आई, तो यह रणनीति पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। इतना ही नहीं, एशेज के दौरान स्टोक्स और मैकुलम के बीच भी मतभेद की दरारें सामने आई थीं। ऑस्ट्रेलिया के हाथों बुरी तरह पिटने के बावजूद खिलाड़ियों के कैसिनो जाने और शराब पीने के मामलों में शामिल होने को लेकर टीम मैनेजमेंट की चौतरफा आलोचना हुई थी।

बर्खास्तगी के बाद ब्रेंडन मैकुलम का आधिकारिक बयान

इंग्लैंड के टेस्ट टीम के हेड कोच के पद से हटाए जाने के बाद मैकुलम ने कहा कि ‘मुझे टेस्ट टीम की कोचिंग करने से बेहद प्यार था और जो कुछ भी हमने साथ मिलकर हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है। इस सफर में कुछ शानदार उतार-चढ़ाव आए, जो ऐसी बड़ी चुनौती का हिस्सा हैं। बेशक, मैं इस पद पर आगे न रहने के फैसले से बेहद दुखी हूं, लेकिन मैं बोर्ड के फैसले का सम्मान करता हूं। मेरा पूरा ध्यान अब व्हाइट-बॉल टीम को आगे ले जाने पर है। टेस्ट टीम में अद्भुत प्रतिभा है और मैं हमेशा मुस्कुराते हुए उनके लिए दुआ करूंगा।’

2022 में हुई थी मैकुलम की धमाकेदार शुरुआत

साल 2022 में जब ब्रेंडन मैकुलम को इंग्लैंड का टेस्ट कोच नियुक्त किया गया था, तब टीम को तुरंत बड़ी सफलताएं मिली थीं। इंग्लैंड ने उनके आते ही न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में 3-0 से धूल चटाई थी और भारत के खिलाफ रिशेड्यूल किए गए पांचवें टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। लेकिन उनके कार्यकाल का एक साल बीतने के बाद से ही टीम का प्रदर्शन लगातार नीचे गिरता चला गया। रविवार को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि कर दी है कि मैकुलम को टेस्ट टीम से हटा दिया गया है और जल्द ही इंग्लैंड की मेंस टेस्ट टीम के लिए एक नए हेड कोच को खोजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, संन्यास ले चुके बेन स्टोक्स की जगह इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान कौन होगा, फिलहाल इस पर भी सस्पेंस बरकरार है।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।… और पढ़ें