दिल्ली के बुराड़ी में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत देखने को मिला, जहां कथित तौर पर युवक ने ब्रेकअप की बात से नाराज होकर अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस शुरुआती जांच में 6 महीने पुराने रिश्ते और विवाद के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने उसे फोन कर अपने किराये के फ्लैट में अपना 6 महीने पुराना रिश्ता खत्म करने के लिए बुलाया था, क्योंकि वह बेरोजगार था। पुलिस ने बताया कि पीसीआर को सूचना मिली कि एक फ्लैट में दो लोग खून से लथपथ पड़े हैं। इसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
क्या है मामला?
अधिकारियों ने कहा कि महिला की स्कूल में शिक्षिका छोटी बहन निशानगिनी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे काम से घर लौटी तो उसने शवों को देखा। दरवाजा अंदर से बंद पाकर उसने मकान मालिक को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि सभी ने मिलकर जबरन दरवाजा खोला और देखा कि अंदर दोनों पड़े थे और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने कहा कि वे घटनाओं के सटीक क्रम और मौतों की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगा रहे हैं।
- अधिकारी ने कहा, ‘यह सामने आया है कि शिवांगिनी ने कथित तौर पर बेरोजगारी के कारण निखिल को रिश्ता खत्म करने के लिए घर बुलाया था। बाकी टीमें विवरण की पुष्टि कर रही हैं।’
- जांचकर्ताओं ने बताया कि 26-वर्षीय शिवांगिनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली थीं और दिल्ली में एनआईसी में कार्यरत थीं। वह अपनी बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहती थीं।
- पुलिस के अनुसार, मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के पिनाना गांव का रहने वाला 26-वर्षीय निखिल बेरोजगार था। वह पहले दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में संविदा के आधार पर काम कर चुका था और बीच-बीच में शिवांगिनी के घर आता-जाता था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों का पिछले कुछ महीनों से प्रेम प्रसंग था।’
- उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (राजा) राजा बांठिया ने कहा, ‘हमें बृहस्पतिवार दोपहर को बुराड़ी में एक किराए के घर के अंदर एक पुरुष और एक महिला के शव पड़ने होने के बारे में सूचना मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि दोनों को गोली लगी थी और वे मर चुके थे।’
- जांच से संकेत मिला कि व्यक्ति ने पहले महिला को कथित तौर पर गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों का पिछले 6 से 8 महीने से प्रेम प्रसंग था।
- डीसीपी ने कहा, ‘शुरुआती जांच में पता चला है कि यह रिश्ता उस तरह आगे नहीं बढ़ रहा था, जैसी व्यक्ति को उम्मीद थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था।’
पुलिस ने सभी पहलुओं की जांच शुरू की
हालांकि, पुलिस ने कहा कि सटीक मकसद अब तक स्थापित नहीं हुआ है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि घटना से पहले, उस व्यक्ति ने अपने परिवार के सदस्यों को एक संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपनी समस्याएं बताई थीं। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया, फोरेंसिक जांच की और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की। डीसीपी ने कहा कि परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच जारी है। मृतक निखिल की बहन ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ देर पहले उसने सोशल मीडिया ऐप पर परिवार के ग्रुप पर अपनी लाइव लोकेशन के साथ एक संदेश साझा किया था। पुलिस ने कहा कि टीमों ने अपराध स्थल से एक पिस्तौल और दो खाली खोखे बरामद किए हैं।
