भारतीय वर्कर्स के लिए गुड न्यूज, ब्रिटेन जॉब के लिए दे रहा खास वीजा, जानिए ये कैसे मिलेगा और शर्तें क्या हैं – uk global talent visa for researchers scientist job options for indian workers know eligibility


Jobs in UK: ब्रिटेन को जॉब के लिए दुनिया के सबसे बेहतरीन देशों में से एक माना जाता है, जहां लाखों भारतीय नौकरी कर रहे हैं। यहां पर ग्लोबल टैलेंट वीजा नाम से एक खास तरह का वीजा दिया जाता है। आज हम इसी वीजा के बारे में जानेंगे, जिसका दायरा अब बढ़ा दिया गया है।

ब्रिटेन का एक रास्ता और उस पर लगे हुए ब्रिटिश झंडे (फोटो- Pexels)
ब्रिटेन का एक रास्ता और उस पर लगे हुए ब्रिटिश झंडे (फोटो- Pexels)
UK Global Talent Visa: ब्रिटेन की सरकार ने ग्लोबल टैलेंट वीजा स्कीम का दायरा बढ़ा दिया है। इसके तहत अब 100 से ज्यादा रिसर्च से जुड़ी कंपनियों को दुनिया के टॉप रिसर्चर्स, साइंटिस्ट और इंजीनियरों को स्पांसर करने की इजाजत दी गई है। इसका सीधे तौर पर फायदा उन भारतीय वर्कर्स को मिलेगा, जो ब्रिटेन में काम करना चाहते हैं। हाई स्किल वाले भारतीय रिसर्चर्स और टेक्नोलॉजी फील्ड में काम कर रहे प्रोफेशनल्स आसानी से ब्रिटेन में जॉब कर पाएंगे।

Hungary Scholarships 2025 for Indian Students | यूरोप में फ्री पढ़ाई करें Stipendium Hungaricum के साथ

सरकार की तरफ से किए गए वीजा विस्तार ऐलान के बाद अब ग्लोबल टैलेंट वीजा के ‘एंडोर्सड फंडर’ रास्ते से ब्रिटेन आने वाले रिसर्चर्स अब यूनिवर्सिटी और रिसर्च संस्थानों के अलावा, अप्रूव्ड किए गए कमर्शियल रिसर्च कंपनियों द्वारा भी होस्ट किए जा सकंगे। सरकार का मकसद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लाइफ साइंसेज, क्लीन एनर्जी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे फील्ड में रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) को सपोर्ट करना है, जिसके लिए उसे विदेशी रिसर्चर्स, साइंटिस्ट आदि की जरूरत है।

ब्रिटेन में भारतीयों के लिए खुला जॉब का रास्ता

जो भारतीय रिसर्चर्स, साइंटिस्ट और इंजीनियर विदेशों से मिलने वाले फंड पर चलने वाली रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं, उनके लिए अब ब्रिटेन में नौकरी करने के और ज्यादा ऑप्शन खुल गए हैं। ब्रिटेन के मुख्य इमिग्रेशन नियमों में हुए इस बदलाव से वे अब और ज्यादा कंपनियों में काम करने के एलिजिबल बन गए हैं। अब बस उन्हें उन कंपनियों को ढूंढना है, जो रिसर्च से जुड़े काम के लिए हायरिंग कर रही हैं। हालांकि, ब्रिटेन में काम करने की इजाजत तभी मिलेगी, जब ग्लोबल टैलेंट वीजा मिलेगा। आइए अब जान लेते हैं कि ये वीजा क्या है और आपको किस तरह मिल सकता है।

ग्लोबल टैलेंट वीजा क्या है?

ब्रिटेन का ग्लोबल टैलेंट वीजा एक खास इमिग्रेशन रास्ता है, जिसके जरिए दुनियाभर के टॉप और प्रतिभाशाली लोगों को देश में लाया जाता है। इस वीजा को उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है, जो अपनी फील्ड में या तो पहले से लीडर हैं या जिनके पास आगे चलकर लीडर बनने की पूरी क्षमता है। इस वीजा की मुख्य बातें निम्नलिखित हैं:

  • ग्लोबल टैलेंट वीजा मुख्य रूप से तीन प्रमुख फील्ड के एक्सपर्ट के लिए है। इसमें अकादमिक या रिसर्च, कला और संस्कृति और डिजिटल टेक्नोलॉजी शामिल है।
  • वीजा उन्हीं लोगों को दिया जाता है, जिनकी उम्र के कम से कम 18 साल है। इससे कम उम्र के आवेदकों को वीजा नहीं दिया जाता है।
  • वीजा के लिए अप्लाई करने के 2 मुख्य रास्ते हैं। पहला प्रतिष्ठित पुरस्कार के आधार पर, यानी अगर आवेदक ने लिस्ट में शामिल कोई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीता है, तो वे बिना किसी एंडोर्समेंट के सीधे इस वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। अगर कोई अवार्ड मिला है, तो वीजा पाना बिल्कुल आसान है।
  • दूसरा रास्ता एंडोर्समेंट के आधार पर है, यानी अगर आवेदक के पास कोई नॉमिनेटेड पुरस्कार नहीं है, तो उन्हें अपनी फील्ड में एक लीडर या उभरती हुई प्रतिभा साबित करने के लिए पहले संबंधित अधिकृत संस्था से ‘एंडोर्समेंट’ हासिल करना होगा, तभी वीजा के लिए अप्लाई कर सकते हैं।

किस पुरस्कार के आधार पर वीजा दिया जाएगा, ये लिस्ट ग्लोबल टैलेंट वीजा के ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक किया जा सकता है। कुल मिलाकर अगर आप अकादमिक या रिसर्च, कला और संस्कृति और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसी फील्ड में पहले से काम कर रहे हैं या रिसर्च कर रहे हैं, तो फिर आपके लिए अब ब्रिटेन में जॉब के रास्ते ज्यादा बेहतर ढंग से खुल चुके हैं।

ब्रिटेन की ज्यादा कंपनियां कर पाएंगी स्पांसर

सरकार ने कहा कि इस वीजा विस्तार में एस्ट्राजेनेका और जैगुआर लैंड रोवर जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ-साथ एडेड वैल्यू सॉल्यूशंस (AVS), डेन्रॉय प्लास्टिक्स और फिल्म कम्रू जैसी तेजी से बढ़ने वाली फर्मों सहित 100 से अधिक नए बिजनेस शामिल हैं। ये कंपनियां ब्रिटेन की अपनी ‘मॉडर्न इंडस्ट्रीयल स्ट्रैटेजी’ के तहत पहचाने गए 8 प्राथमिकता वाले विकास क्षेत्रों में काम करती हैं।

अनवर अंसारी

लेखक के बारे मेंअनवर अंसारीअनवर अंसारी, नवभारत टाइम्स डिजिटल में बतौर कंसल्टेंट काम कर रहे हैं। वह पिछले एक साल से विदेश में पढ़ाई, नौकरी, फॉरेन यूनिवर्सिटीज में एडमिशन और वीजा संबंधी खबरें कवर कर रहे हैं। इससे पहले अनवर ने अमर उजाला, टीवी9 भारतवर्ष और एबीपी न्यूज जैसे संस्थानों में काम किया है। वे नेशनल और इंटरनेशनल न्यूज पर काम कर चुके हैं। देश-विदेश से जुड़ी घटनाओं पर लिखने के अलावा उन्हें डिफेंस और नॉलेज स्टोरीज लिखने का भी अनुभव है। अनवर ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है।और पढ़ें