भारत को हराकर इंग्लैंड ने जीती सिरीज़, भारतीय बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर आईपीएल शैली की चर्चा


वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी को प्लेंइग-11 में शामिल ना करने पर टीम मैनेजमेंट की आलोचना हो रही थी लेकिन पिछले तीन मैचों में उनका प्रदर्शन ख़ास नहीं रहा

इंग्लैंड ने भारत के ख़िलाफ़ पहली बार टी-20 सिरीज़ जीती, जबकि भारत को टी-20 मैचों में लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा.

ब्रिस्टल में चौथे टी-20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को 159 रन का लक्ष्य दिया था. इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और कप्तान हैरी ब्रूक ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 144 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

ब्रूक ने 35 गेंदों पर 79 रन बनाए, जबकि सॉल्ट ने पहली नौ गेंदों पर कोई रन नहीं बनाने के बावजूद 42 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली.

पांच मैचों की सिरीज में इंग्लैंड ने अब 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. चेस्टर-ले-स्ट्रीट में पहला मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद इंग्लैंड ने अगले तीनों मुक़ाबले प्रभावशाली अंदाज़ में जीते.

भारत की लगातार हार और इस सिरीज़ से पहले आयरलैंड के ख़िलाफ़ मिली दो अप्रत्याशित हारों ने श्रेयस अय्यर पर दबाव बढ़ा दिया है, जिन्होंने जून की शुरुआत में भारत की टी-20 कप्तानी संभाली थी.



Leave a Comment