इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 में मैदान पर उतरते ही अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया। वह बिना किसी और फॉर्मेट में खेले सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। यह उनका 53वां टी20 मैच था।
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 में भी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इस मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इतिहास रचने में कामयाब रहे। यह इतिहास अभिषेक ने मैदान पर उतरते ही रच दिया। वह बिना किसी और फॉर्मेट में खेले टी20 में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनका टी20 क्रिकेट में भारत के लिए 53वां मुकाबला था। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के सैम्युल बदरी के नाम था, जिन्होंने किसी और फॉर्मेट में डेब्यू किए बिना टी20 में सबसे ज्यादा 52 मैच खेले थे। बता दें, इंग्लैंड ने इस मैच में भारत के सामने 258 रनों का टारगेट रखा था, जिसके सामने टीम इंडिया 201 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। भारत को 56 रनों से इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।
अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए अभी तक ना तो वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया है और ना ही टेस्ट में। वह टीम इंडिया के लिए अभी तक टी20 क्रिकेट में 53 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें 32.36 की औसत और 190.36 के स्ट्राइक रेटे क साथ 1618 रन बना चुके हैं। टी20 में उनके नाम 2 शतक भी हैं। वह आईसीसी रैंकिंग में भी टॉप-2 में हैं।
दूसरे फॉर्मेट में खेले बिना सबसे ज्यादा T20I (FM टीमें)
53 अभिषेक शर्मा
52 सैमुअल बद्री
41 ताशिंगा मुसेकिवा
30 नुवान तुषारा
25 हर्षल पटेल
साउथहैंपटन में फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा
साउथहैंपटन में खेले गए 5वें और आखिरी टी20 में हालांकि अभिषेक शर्मा कुछ कमाल नहीं दिखा सके। वह 5 गेंदों पर 3 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। इस सीरीज में अभिषेक शर्मा के बल्ले से 1 अर्धशतक समेत 131 रन निकले। वह 5 मैच की IND vs ENG टी20 सीरीज में पांचवें सबसे ज्यादा और बतौर भारतीय दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहें।
अभिषेक शर्मा से ज्यादा कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस सीरीज में 218 रन बनाए। वह हैरी ब्रूक (229) के बाद लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहें।
जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने खूब धोया
5वें टी20 में जोस बटलर और हैरी ब्रूक की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की खूब क्लास लगाई। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 233 रनों के साझेदारी की, जो T20I क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए अब तक की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। बटलर ने इस दौरान शतक जड़ते हुए 131 रनों की पारी खेली, वहीं हैरी ब्रूक 95 रन बनाकर नाबाद रहे। वह 5 रनों से अपने शतक से चूक गए।