भीषण गर्मी के बीच हिमाचल में बर्फ देखने के लिए सैलानियों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा. मैदानी इलाकों की तपन से राहत पाने के लिए हजारों लोग पहाड़ों की तरफ पहुंचे. शनिवार को करीब 4 हजार पर्यटक वाहन इन ऊंचाई वाले इलाकों में पहुंच गए, जबकि प्रशासन ने रोहतांग-शिंकुला के पास के लिए सिर्फ 1300 वाहनों को अनुमति दी थी. पार्किंग की जगह कम पड़ने पर लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए, जिससे रास्ते पर दबाव बढ़ गया और कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. बर्फ का मजा लेने आए सैलानी घंटों तक रास्ते में फंसे रहे और परेशानी का सामना करना पड़ा.