महराजगंज : बिना वीजा भारत से नेपाल जाते पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, कैलिफोर्निया का रहने वाला है जॉर्डेन ब्राउन; पड़ताल जारी


संवाद सूत्र (सोनौली) महराजगंज। बिना वीजा भारत से नेपाल जाने के प्रयास में एक अमेरिकी नागरिक को एसएसबी 22वीं वाहिनी (सशस्त्र सीमा बल)के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित के पास से 31 हजार 460 रुपये नकदी और दाे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसिया अमेरिकी नागरिक से पूछताछ में जुटी हैं।

शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब एसएसबी जवान सोनौली कोतवाली क्षेत्र के मैनिहवा के समीप सीमा स्तंभ 516 के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान भारत की ओर से नेपाल की तरफ जा रहा एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जवानों ने जांच के लिए रोका तो वह हाथ छुड़ाकर भागने लगा। इस दौरान जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ के लिए ले जाया गया एसएसबी कार्यालय

पूछताछ के लिए उसे एसएसबी कार्यालय ले आया गया। जहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही सीमा पर तैनात अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी पूछताछ की। उसने अपना नाम 36 वर्षीय जार्डन ब्राउन निवासी कैलिफोर्निया राज्य, अमेरिका बताया। उसके पास न तो पासपोर्ट था और न ही कोई अन्य वैध दस्तावेज। वह बेंगलुरु से सोनौली सीमा पर आया और बिना दस्तावेज के नेपाल जाने की फिराक में था।

एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि अमेरिकी नागरिक से पूछताछ के बाद सोनौली पुलिस को सौपने की कार्रवाई की जा रही है। वह कितने दिनों से भारत में रह रहा था इसकी भी जांच पड़ताल की जा रही है।



Leave a Comment