राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। केंद्र सरकार की नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मार्च का महीना बड़ी खुशखबरी लेकर आने वाला है। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मार्च में तीन महत्वपूर्ण भर्तियों की अधिसूचना जारी करने जा रहा है। इनमें कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) परीक्षा-2026, जूनियर इंजीनियर (जेई) परीक्षा-2026 तथा सेलेक्शन पोस्ट परीक्षा फेज-14 शामिल हैं। इन तीनों भर्तियों के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में हजारों पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग द्वारा जारी संभावित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार तीनों भर्तियों की अधिसूचना मार्च 2026 में जारी की जाएगी, जबकि इनके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अप्रैल 2026 तक चलेगी। इसके बाद मई से जुलाई 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीई) आयोजित की जाएगी।
कर्मचारी चयन आयोग की सबसे लोकप्रिय और बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल सीजीएल-2026 की अधिसूचना मार्च में जारी होगी। इसके लिए आवेदन अप्रैल तक लिए जाएंगे। परीक्षा का पहला चरण यानी टियर-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा मई से जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन
वहीं तकनीकी क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) परीक्षा 2026 भी मार्च में अधिसूचित की जाएगी। इसके लिए आवेदन अप्रैल 2026 तक लिए जाएंगे।